फिरोजाबादलीक्स…पुलिस से घिरता देख बदमाश फायरिंग करते हुए ट्रेन से कूदकर भागे. स्कूल में घुसकर बच्चे को बंधक बनाकर की फायरिंग…300 पुलिसकर्मियों ने दोनों को घेरकर मारा. 25—25 हजार के थे इनामी
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में एसओजी ने लूट की वारदात में शामिल 25—25 हजार के दो इनामी बदमाशों को घेरकर ढेर किया है. दोनों बदमाश ट्रेन से आ रहे थे लेकिन शिकोहाबाद स्टेशन पर पुलिस की घेराबंदी देख दोनों फायरिग करते हुए ट्रेन से कूदकर भागे. यहां से वे गांव के एक स्कूली में पहुंच गए और एक बच्चे को बंधक बनाकर फायरिंग करने लगे. लेकिन एसओजी और सर्विलांस टीम ने दोनों बदमाशों को घेर लिया. दोनों ओर से करीब आधा घंटे तक फायरिंग हुई. इसके बाद पुलिस ने दोनों बदमाशों को ढेर कर दिया. बदमाशों की फायरिंग में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं. इनमें एक की हालत गंभीर है.एसओजी इटावा को सूचना मिली कि 3 जुलाई को डॉक्टर के साथ लूट में शामिल दो बदमाश शुक्रवार सुबह गाजियाबाद से झारखंड जा रही संबलपुर एक्सप्रेस में सवार हैं. एसओजी ने मुखबिर की सूचना पर शिकोहाबाद स्टेशन पर ट्रेन की घेराबंदी कर ली. सुबह करीब 11 बजे ट्रेन शिकोहाबाद स्टेशन पहुंची. पुलिस से घिरता देख बदमाशों ने ट्रेन से कूदते समय फायरिंग की जिसमें एक गोली एसओजी सिपाही डेविड चौहान के पेट में जा लगी जबकि दूसरी गोली सिपाही पुष्पेंद्र के दाहिने कंधे को चीरती हुई निकल गई. फायरिंग कर दोनेां बदमाशों ने स्टेशन से भागकर स्वामी नगर के पास एक राजमिस्त्री से हथियार के बल पर बाइक लूटी. इधर पुलिस ने दोनों बदमाशों का पीछा जारी रखा. कुछ ही दूर पर बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया.
स्कूल में घुसकर छात्र को बनाया बंधक
इस पर बदमाश दौड़ते हुए प्राथमिक विद्यालय नीम खेरिया की बाउंड्रीवॉल लांघकर भीतर घुस गए. यहां उन्होंने स्कूल ड्रेस में मौजूद एक बच्चे को बंधक बना लिया और इसकी आड़ में पुलिस पर फायरिंग करने लगे. लेकिन पुलिस की जवाबी कार्रवाई जारी रही. पुलिस ने पहले बच्चे को सुरक्षित किया और फिर भागवते बदमाशों के पीछे पड़ गई. एसओजी ने पहले घेराबंदी कर नीम खेरिया के एक चरी के खेत में अंकित उर्फ सीपू को मार गिराया और फिर दूसरी तरफ भाग रहे सुमित यादव को भी ढेर कर दिया. मौके पर एडीजी आगरा जोन एसके भगत, डीआईजी आगरा शैलेश कुमार पांडेय, डीआईजी कानपुर परिक्षेत्र यमुना प्रसाद, एसएसपी फिरोजाबाद और एसएसपी इटावा भी मौके पर पहुंच गए. एसओजी के दो सिपाही डेविड चौहान और पुष्पेंद्र चौधरी को गोली लगी है. दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया. यहां एसओजी जवान डेविड की हालत गंभीर होने पर उनहें आगरा रेफर किया गया है.
पुलिस के अनुसार 3 जुलाई को तीन बदमाशों ने मिलकर इटावा की फ्रेंड्स कॉलोनी में रहने वाले एक डॉक्टर के साथ लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया था. इसमें एक बदमाश को पुलिस ने घटना के कुछ घंटे बाद ही पकड़ लिया था. दो बदमाशों की तलाश की जा रही थी. इन दोनों पर कई सारे मुकदमे दर्ज थे और दोनों पर 25—25 हजार का इनाम घोषित था.