आगरालीक्स.. आगरा में लॉक डाउन का सुबह असर दिखाई नहीं दिया लेकिन अब पुलिस ने सख्ती कर दी है, बैरियर लगाकर लोगों को रोका जा रहा है, उनसे पूछा जा रहा है कि कहां जा रहे हैं, गैर जरूरी काम से निकले लोगों को लौटाया जा रहा है।
आगरा में 23 मार्च सुबह से ही लॉक डाउन कर दिया गया है, दूध के लिए सुबह आठ बजे , सब्जी और किराना की दुकान खोली गई हैं। सुबह 10 बजे तक लॉक डाउन का असर दिखाई नहीं दिया। सडकों पर लोग घूमते हुए दिखाई दिए। 12 बजे के बाद पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी, दूध सहित अन्य दुकानों को बंद कर दिया है, उनसे कहा जा रहा है कि सुबह और शाम कुछ देर के लिए ही दुकानें खोली जाएं, जिससे लोगों की भीड ना रहे।
बैरियर लगाकर चेकिंग
पुलिस ने शहर को जोन और सेक्टर में बांटने के बाद चेकिंग शुरू कर दी है, लोगों से पूछा जा रहा है कि वे कहां जा रहे हैं। कोई आवश्यक कार्य ना होने पर समझा कर वापस लौटाया जा रहा है। पुलिस ने हर क्षेत्र में सख्ती कर दी है।
इलाज के लिए 108, समस्या के लिए 112 नंबर
जिला अस्पताल और एसएन में बुखार की ओपीडी ही चल रही हैं। अधिकांश निजी चिकित्सकों ने भी अपनी ओपडी बंद कर दी हैं, कुछ ही चिकित्सक मरीजों को देख रहे हैं लेकिन सावधानी बरती जा रही ही हैं। ऐसे में किसी भी व्यक्ति को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर 108 नंबर पर डायल कर सकता है, एंबुलेंस उसे घर से लेकर जाएगी। कोई अन्य समस्या होने पर 112 नंबर पर डायल किया जा सकता है।
इमरजेंसी सेवाओं में यह रहेगा खुला
दूध, सब्जी और दवा की दुकानें लॉकडाउन के दौरान खुले रहेंगे।
अस्पताल और क्लीनिक भी इस दौरान खुले रहेंगे।
इसके अलावा राशन की दुकानें भी खुली रहेंगी।
किसी बेहद जरूरी काम के लिए भी प्रशासन की ओर से छूट मिल सकती है।
बैंकों के कैश से जुड़ी सुविधाएं जारी रहेंगी। टेलिकॉम, इंटरनेट और डाक सेवा जारी रहेंगी।
सरकार ने पेट्रोल पंपों और एटीएम को आवश्यक श्रेणी में रखा है।
ये आ जा सकेंगे
पुलिस का काम जारी रहेगा। साथ ही कानून-व्यवस्था को लागू कराने वाले विभाग भी काम करेंगे।
स्वास्थ्यकर्मियों और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों का काम भी जारी रहेगा।
जेल विभाग और बिजली व पानी के दफ्तरों में भी काम जारी रहेगा।
नगर निगम के साफ सफाई या कूड़ा उठाने जैसे काम भी चलते रहेंगे। इसके अलावा जेल विभाग के काम भी चलते रहेंगे।
न्यूजपोर्टल, प्रिंट और इलेक्ट्रोनिंग मीडियाकर्मियों को भी इस दौरान आने जाने की छूट होगी।