आगरालीक्स ….आगरा में आठ जून यानी सोमवार से मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और गिरिजाघर खुलेंगे या नहीं, इसे लेकर निर्णय ले लिया गया है। धर्मगुरुओं के साथ बैठक में डीएम प्रभु एन सिंह और एसएसपी बबलू कुमार का कहना है कि आगरा नगर निगम रेड जोन में हैं, इसलिए यहां आठ जून से धार्मिक स्थल नहीं खोले जाएंगे, आगरा में पूर्व की तरह से ही धार्मिक स्थल बंद रहेंगे, यथास्थिति बनी रहेगी।
देश भर में अनलॉक 1 में आठ जून से मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, गिरिजाघर सहित धार्मिक स्थल शर्तों के साथ खोले जा रहे हैं, इसमें एक बार में पांच श्रद्रधालु ही प्रवेश कर सकेंगे। ऐसे में आगरा में धार्मिक स्थलों को लेकर धर्मगुरुओं के साथ डीएम प्रभु एन सिंह और एसएसपी बबलू कुमार ने बैठक की। इसमें आगरा में बढ रहे कोरोना के केस, अभी तक 957 केस पहुंच चुके हैं, कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत भी हो रही है। ऐसे में कोई रिस्क नहीं लिया जा सकता है, इन सभी बिंदुओं पर चर्चा की गई, धार्मिक स्थल खोलने के बाद क्या हालात होंगे, क्या इससे कोरोना का संक्रमण बढ सकता है, इसे लेकर चर्चा की गई।
रेड जोन में है आगरा, अभी नहीं खुलेंगे धार्मिक स्थल
बैठक में कहा गया कि आगरा अभी रेड जोन में है, यहां कोरोना संक्रमण का खतरा सबसे अधिक है, ऐसे में निर्णय लिया गया है कि धार्मिक स्थल नहीं खोले जाएंगे।
पुजारी ही कर सकेंगे पूजा, सफाई की जा सकेगी
बैठक में धार्मिक स्थलों की सफाई के लिए कर्मचारियों को बुलाने से लेकर पूजा पर चर्चा की गई, इसमें सहमति बनी है कि धार्मिक स्थलों की सफाई हो सकेगी, पुजारी पूजा कर सकेंगे लेकिन आम श्रद्रधालुओं के लिए धार्मिक स्थल पूर्व की तरह से ही बंद रहेंगे।