अलीगढ़लीक्स… (16 june )। कोरोना में भुखमरी से मां अपने पांच बच्चों समेत हड्डियों का ढांचा बन गई। सभी को नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लॉकडाउन में दाने-दाने को तरस गए
कोरोना महामारी के चलते लगाए गए लॉकडाउन ने किस कदर लोगों को मुश्किल में डाला है, ऐसा ह़दयविदारक मामला शहर के एक मोहल्ले से आया है। यहां पिछले दो माह से भूख के कारण एक महिला गुड्डी और उसके पांच बच्चे खाने के लिए दाने-दाने को तरस गए।
आस-पड़ोस ने भी नहीं ली सुधि
आस-पड़ोस के लोगों को भी इसकी खबर नहीं हुई कि एक साथ पूरे परिवार की हालत यह हो गई है, वह पूरी तरह हड्डियों के ढांचे में कंकाल सरीखे हो गए।
पति को पहले लॉकडाउन ने निगला
महिला गुड्डी के पति की पहले लॉकडाउन में तंगी-तुर्सी के कारण मौत हो चुकी है।
विवाहित बेटी को चला पता
महिला की बड़ी बेटी का विवाह हो चुका है। बेटी और उसके पति को जब परिवार के सभी लोगो के बीमार होने की सूचना मिली तो उन्होंने पूरे परिवार को मलखान सिंह जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
बड़े बेटे को रोजाना नहीं मिलता था काम
बताया गया है कि पीड़ित महिला के पति की मौत के बाद बड़े बेटे ने एक फैक्ट्री में नौकरी शुरू कर दी थी लेकिन लॉकडाउन लगते ही उसका काम बंद हो गया।
पांच साल का मासूम भी है शामिल परिवार के सामने भूखों मरने की नौबत आ घई। परिवार में 13 साल की बेटी और 20,15,10 और पांच साल के बेटे हैं। बड़े बेटे ने लॉकडाउन खुलने के बाद मजदूरी शूरू कर दी थी लेकिन उसे रोजाना काम नहीं मिल रहा था। इसकी वजह से परिवार के भूखों मरने की नौबत आ गई।
तीन महीने से बिगड़े हालात
शहर के आगरा रोड स्थित मंदिर का नगला निवासी पीड़ित महिला गुड्डी का कहना है कि तंगी-तुर्सी और बीमारी से वह तीन महीने से परेशान हैं। बच्चों को बुखार भी आया और खाना नहीं मिला, जिसके कारण धीरे-धीरे हालत बिगड़ती गई।