आगरालीक्स…अब कुंभ न जा पाने वाले भी कर सकेंगे संगम के जल से स्नान. आगरा सहित यूपी के हर जिले में भेजा जाएगा संगम का जल…दमकल विभाग करेगा यह काम….खाली होने लगा प्रयागराज
करीब 50 दिनों से जिस प्रयागराज में पैर रखने की जगह नहीं थी, वो अब धीरे—धीरे खाली होने लगा है. महाकुंभ के समापन पर दुकानें उखड़ चुकी हैं और पंडाल भी उखाड़े जा रहे हैं. इस बीच महाकुंभ न आ पाने वालों को सरकार उनके जिले में संगम स्नान कराने की तैयारी में है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार दमकल विभाग की गाड़ियों से सभी 75 जिलों में संगम का जल भेजा जा रहा है. 300 से अधिक दमकल की गाड़ियों को प्रयागराज मंगाया गया और ये गाड़ी संगम का जल भरकर जिलों के लिए रवाना होंगी. एक गाड़ी की क्षमता 5000 लीटर की है.
चिदानंद सरस्वती महाराज ने भी ली विदा
संगम में अब भीड़ नहीं है. अब संगम तक आसानी से गाड़ी ले जा सकते हैं. इधर शुक्रवार को परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने भी शुक्रवार को महाकुंभ की धरती से विदा ली. इससे पहले उन्होंने अरैल घाट पर सफाई की और गंगा से कचरा निकाला. सफाई कर्मियों को भोजन भी कराया.
सफाई कर्मियों ने शुरू किया विशेष अभियान
इधर जगह—जगह कूड़े के ढेर दिख रहे हैं. ऐसे में सफाई कर्मचारियों ने आज से 15 दिन तक विशेष सफाई अभियान की शुरुआत की है. संगम क्षेत्र, घाटों और मेले की स्थायी और अस्थायी सड़कों को साफ किया जा रहा है.