आगरालीक्स..आगरा में गर्ल फ्रेंड को गिफ्ट देने के लिए युवक ने होटल कारोबारी की घर से बाहर खडी कार चोरी कर ली, सीसीटीवी से युवक पकडा गया। उसने चौंकाने वाला खुलासा किया है।
होटल संचालक गुमान सिंह सदर के इंद्रा पुरम कॉलोनी में रहते हैं। उन्होंने शुक्रवार रात को अपनी कार फोर्ड फिगो घर के बाहर पार्क में खड़ी थी। शनिवार सुबह चार बजे जगे तो कार गायब थी, इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने इंद्रा पुरम कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए। इसमें होटल संचालक गुमान सिंह के बगल में रहने वाला रजत और उसका एक साथी कार लेकर जाते नजर आ रहे थे। उन्होंने पहले कार का चालक सीट का शीशा तोड़ा, फिर लॉक उखाड़ दिया। कार स्टार्ट नहीं होने पर धक्का मारकर कॉलोनी से बाहर लाए।
गर्ल फ्रेंड के लिए की कार चोरी
सीओ सदर विकास जायसवाल ने मीडिया को बताया कि रजत गौतम का घर गुमान सिंह के घर से कुछ दूरी पर है। रजत ने स्नातक करने के बाद टेक्नीशियन का कोर्स किया है, उसके युवती से प्रेम संबंध हैं। पूछताछ में रजत ने बताया कि प्रेमिका ने एक साल पहले गिफ्ट मांगा। इस पर आगरा कैंट स्टेशन के बाहर से एक बाइक चोरी कर ली थी। वो 15 हजार रुपये में बिक गई। 12 हजार रुपये में कुत्ता खरीदकर लाया था। यह प्रेमिका को गिफ्ट कर दिया था। तीन हजार रुपये डेटिंग में खर्च हो गए थे। मगर, पुलिस उसे पकड़ नहीं सकी। अब फिर से प्रेमिका महंगा गिफ्ट मांग रही थी। इस पर कार चोरी का प्लान बनाया। वो कार को बेचने की तैयारी करता, उससे पहले ही पकड़ा गया।