मथुरालीक्स…जन्माष्टमी पर 60 लाख श्रद्धालुओं के मथुरा—वृंदावन आने की संभावना. होटल—धर्मशाला बुक. जानिए कैसे होंगे कान्हा के दर्शन
मथुरा में 16 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व मनाया जाएगा. इसको लेकर पुलिस प्रशासन तैयारियां जोरों पर कर रहा है तो वहीं होटल और धर्मशालाएं पहले से ही बुक होने लगी हैं. सूत्रों के अनुसार जन्माष्टमी पर यानी 16 अगस्त को 55 से 60 लाख श्रद्धालु मथुरा आ सकते हैं. इसका एक बड़ा कारण ये भी है कि शुक्रवार को 15 अगस्त, शनिवार को 16 अगस्त जन्माष्टमी और 17 अगस्त को रविवार को अवकाश रहेगा. तीन दिन की लगातार छुट्टी होने से इस बार अधिक भक्तों के आने के आसार हैं.डीएम चंद्रप्रकाश सिंह व एसएसपी श्लोक कुमार के अनुसार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर प्लान तैयार किया गया है. शहर के भीतर श्रीकृष्ण जन्मभूमि और द्वारिकाधीश को आने वाले प्रमुख मार्गों पर यातयात प्रतिबंधित रहेगा. ड्रोन से सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी होगी. कई स्थानों पर कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे.
रात दो बजे तक होंगे ठाकुरजी के दर्शनजन्मभूमि संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि 16 अगस्त को रात 11 बजे से मंदिर में ठाकुर जी के जन्मोत्सव के कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे. रात 12 बजे ठाकुर जी का जन्म होते ही अभिषे किया जाएगा. साथ ही रात दो बजे तक भक्त कान्हा के दर्शन कर सकेंगे. इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं.
बांकेबिहारी में मंगलाआरती पर 500 लोग ही परिसर में होंगे
इधर जन्मोत्सव पर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में रात दो बजे मंगला आरती होगी. इसमें 500 लोगों को ही शामिल होने की अनुमति दी गई है. श्रद्धालुओं के लिए लगभग 160 पानी के टैंकर की व्यवस्था की गई है. 8 सथायी और 10 अस्थायी पार्किंग बनाई गई है.