मथुरालीक्स...दिवाली बाद बांकेबिहारी जी के दर्शन का समय बदलेगा. सुबह एक घंटा देरी से होंगे दर्शन और रात को भी एक घंटे पहले बंद हो जाएंगे पट. ठंड में भोग सेवा में भी होगा बदलाव…जानिए दर्शनों का समय
वृंदावन के श्री ठाकुर बांकेबिहारी जी के दर्शन को देश के कोने कोने से भक्त खिंचे चले आते हैं. अपने आराध्य के एक झलक पाने को भक्तों की बेताबी साफ दिखाई देती है. सुबह से ही दर्शन के लिए लंबी लंबी लाइनें लग जाती हैं लेकिन दिवाली के बाद ठाकुर जी के दर्शनों के समय में बदलाव किया जाएगा.
सर्दी का मौसम आने के साथ ही ठाकुर जी के दर्शनों के समय में परिवर्तन हो जाएगा. यह सेवा वात्सल्य भाव के तहत की जाएगी. जिस तरह सर्दियों में घरों में बच्चों को रजाई से देर तक बाहर नहीं निकाला जाता, उसी भाव के तहत अब ठाकुर जी को एक घंटा अधिक विश्राम कराया जाएगा. दिवाली के बाद भाईदूज 11 नवंबर से ठाकुर जी के दिनचर्या में शीतकालीन सेवा व्यवस्थ्ज्ञा के तहत बदलाव हो जाएगा.
जानिए क्या होगा समय
11 नवंबर को भाईदूज से ठाकुर जी के दर्शन सुबह 7 बजकर 45 मिनट के स्थान पर 8 बजकर 45 मिनट से होंगे. यह दर्शन दोपहर डेढ़ बजे तक होंगे. शाम के समय मेंं भी बदलाव किया गया है अब भाईदूज से शाम साढ़े चार बजे से साढ़े 8 बजे तक ठाकुर जी के दर्शन होंगे. शयन आरती के बाद साढ़े 8 बजे पट बंद हो जाएंगे.
भोग में भी होगा बदलाव
सर्दियों में ठाकुरजी के खानपान में भी बदलाव होगा. सुबह के बालभोग में केसरयुक्त हलवा और विशेष लड्डू अर्पित किये जाएंगे. राजभोग में दूध दही से बने तरल पदार्थों की मात्रा कुछ कम करके सूखे मेवे और गर्म तासीर वाले पकवानों की मात्रा बढ़ाई जाएगी. वहीं ठंड से बचाव के लिए ठाकुरजी अब हल्की पोशाक के स्थान पर मोटे और गर्म कपड़ों से तैयार विशेष वस्त्र धारण करेंगे.