आगरालीक्स…मथुरा में सांसद चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर हमला. सड़क किनारे खड़े बाइक सवारों ने मारे पत्थर. पथराव में दो घायल..
आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना से सासंद चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर शुक्रवार को कुछ युवकों ने पथराव कर दिया. पथराव मथुरा के मांट स्थित सिर्रेला गांव के पास हुआ है. सड़क किनारे खड़े बाइक सवारों ने पत्थर फेंके हैं. इसमें एक सिपाही व एक युवक घायल हुआ है. अचानक हुए पथराव से हड़कंप मच गया. सांसद समर्थकों ने दो युवकों को पकड़़ लिया और उसे पीटकर पुलिस के हवाले कर दिया.
दलित बहनों की शादी टूटने पर पहुंचे थे मथुरा
सांसद चंद्रशेखर आजाद शुक्रवार को मथुरा पहुंचे थे. यहां पिछले दिनों दलित बहनों की शादी के दौरान दुल्हनों पर कीचड़ फेंकने और बारातियों के साथ मारपीट की घटना हुई थी जिसमें दोनों बहनों की शादी टूट गई थी. सांसद चंद्रशेखर पीड़ित परिवार से मिलने के लिए यहां आए हुए थे. उनका काफिला सबसे पहले मांट के सिर्रेला गांव पहुंचा जहां एक सप्ताह पहले वासुदेव ना के व्यक्ति का शव फंदे पर लटका मिला था. सांसद ने परिजनों से मुलाकात की और फिर इसके बाद भगत नगरिया गांव जा रहे थे.
परसोतीगढ़ी गांव के पास उनका काफिला पहुंचा ही था कि सड़क किनारे खड़े कुछ बाइक सवार युवको ने काफिले पर पथराव कर दिया. अचानक हुए इस पथराव से काफिले में हड़कंप मच गया. इसमें पुलिस की गाड़ी चला रहे सिपाही को चोट आई है तो वहीं नीरज नाम के एक युवक के भी चोट लगी है. समर्थकों ने कान्हा और कृष्णा नाम के दो युवकों को पकड़ लिया और पीटकर पुलिसको सौंपा. पुलिस जांच कर रही है कि ये दोनों युवक पथराव करने वाले हैं या नहीं.