मथुरालीक्स…आनलाइन शॉपिंग साइट्स पर बिक रही हैं गिरिराजजी की शिलाएं. विरोध में गोवर्धन के युवाओं ने की सीएम योगी से ये मांग…
आनलाइन शॉपिंग साइट्स पर गिरिराज जी की शिलाएं बेची जा रही हैं. इसको लेकर गोवर्धन के युवाओं ने विरोध जताया है और शिलाओं के संरक्षण के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ को एक पत्र भी भेजा है. बता दें कि पिछले दिनों शापिंग साइट अमेजॉन पर धवल सचदेव स्टोर फ्रंट और वृंदावन बाजार डॉट कॉम स्टोर की ओर से गिरिराज जी की शिला बिक्री का विज्ञापन डाला गया. इसकी कीमत 330 रुपये से लेकर 500 रुपये तक बताई गई.

गिरिराजजी की शिला की बिक्री को लेकर युवाओं में आक्रोश छा गया और उन्होंने बिक्री को प्रतिबंधित रखने की बात कहते हुए ये विज्ञापन शेयर किया. सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल होते ही संत और ब्रजवासियों में इसको लेकर आक्रोश छा गया. इस मामले में गोवर्धन के रक्तवीर ग्रुप के डॉ. जीएस राणा, केशव मुखिया, आकाश खंडेलवाल, गौरव शर्मा, वीनू खंडेलवाल ने सीएम योगी को एक लैटर लिखा है. इसमें उन्होंने मांग की है कि गोवर्धन की शिलाओं की सुरक्षा के लिए सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएं और पैदल गश्त बढ़ाई जाए. यही नहीं शिलाओं को बेचने से संबंधित लोगों के खिलाफ एक्शन लिया जाए.