आगरालीक्स…आगरा में बोले प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह—जीएसटी सुधार से खर्चे होंगे कम, रोजमर्रा की घरेलू जरूरतों के सामान की कीमत होगी कम. यह दीपावली से पहले आम लोगों के लिए तोहफा.
आगरा आए मंत्री पर्यटन एवं संस्कृति विभाग तथा जनपद प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने सर्किट हाउस में विभिन्न क्षेत्रों से आए आमजन से संवाद किया तथा फरियादियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनकी शिकायतों व समस्याओं को सुना और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि कहा कि जनता सेवा ही परम धर्म है और उनकी सरकार जनहित के कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने 15 अगस्त पर लाल किले की प्राचीर से आर्थिक सुधारों की बात की वन कंट्री वन टैक्स, वन मार्केट के अंतर्गत नेक्स्ट जेन जीएसटी सुधारों के लिए 03 सितंबर को 56 वीं जीएसटी काउंसिंल की बैठक में जीएसटी सुधारों हेतु ऐतिहासिक निर्णय लिया गया यह 2017 में जीएसटी लागू होने के बाद सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण बदलाव है। उन्होंने बताया कि चार स्तरीय व्यवस्था में संशोधन कर सिर्फ 05 प्रतिशत से 18 प्रतिशत की दरें रखीं गई हैं इससे भ्रम, कानूनी झंझट और टैक्स भरने की मुश्किलें कम होंगी। ये सुधार आमजन,व्यापारी, मध्यमवर्ग के हित में है रोजमर्रा की घरेलू जरूरतों के सामान की कीमत कम होगी उन्होंने विस्तार से बताया कि दूध, पनीर शैंपू, टूथपेस्ट, साबुन, जूते,साइकिल बच्चों के सामान, किसानों के लिए ट्रैक्टर, टायर, सिंचाई उपकरण, कीटनाशक, फर्टिलाइजर पर घटी दरों का सीधा लाभ मिलेगा, गाड़ियों, वाहनों पर 28 से घटाकर जीएसटी 18 प्रतिशत कर दिया गया है, शिक्षा हेतु कॉपी, पेंसिल सभी सस्ती दर पर मिलेगा,भारत की जीडीपी में 02 से 03 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी इन जीएसटी सुधारों से मिलेगी। घरेलू बाजार में खपत बढ़ेगी, इन सुधारों से 48,000 करोड़ की संभावित बचत होने का अनुमान है।
उन्होंने बताया कि मोदी सरकार ने आमजन, व्यापारी, मध्यम वर्ग को दीपावली से पहले ही दीपावली का तोहफा दिया है, ये दरें नवरात्रि के पहले दिन से लागू होंगी। उन्होंने कहा कि यह केवल आर्थिक कदम नहीं बल्कि इससे करोड़ो परिवारों की बचत सीधे उनके हाथों में जायेगी, जैसे दीपावली पर दीपक घरों को रौशन करते हैं, वैसे ये जीएसटी सुधार घरों के खर्च को कम करेंगे, किसानों को सशक्त बनायेंगे और कारोबार को गति देगें, जिससे पूरे भारत में समृद्धि आयेगी। प्रभारी मंत्री ने कहा कि मोदी है तो मुमकिन है, अब इन घटी दरों का आम आदमी तक लाभ पहुंचे योगी जी की राज्य सरकार ये सुनिश्चित करेगी।