आगरालीक्स… आगरा में अपनी बेटियों को स्कूल छोडकर लौट रहे कारोबारी पर बदमाशों ने छावा बोल दिया, थाने के पास में कारोबारी की पीठ में गोली मारकर बाइक सवार हमलावर फरार हो गए। कारोबारी की हालत गंभीर है, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
लोहामंडी में जगन्नाथपुरम खतैना रोड के रहने वाले सिद्धार्थ जैन पुत्र स्व.सुशील कुमार जैन लोहा कारोबारी शुक्रवार सुबह अपनी बेटी काव्या और आरती को सुबह जयपुर हाउस स्थित स्टूडियो किड्स प्ले ग्रुप स्कूल में छोड़कर स्कूटर से घर लौट रहे थे। लोहामंडी थाने के बगल वाली सड़क पर बमुश्किल 200 मीटर ही पहुंचे थे। तभी पीछे से दो बाइक पर सवार चार युवक आए और उनकी पीठ पर गोली मार दी। इस पर वहीं गिर पड़े। हमलावरों ने इसके बाद दो और फायर किए और वहां से भाग निकले। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। तभी कारोबारी के परिचित बल्ले श्रीवास्तव वहां से गुजर रहे थे। यह देखकर तत्काल कारोबारी को पास में महाजन हॉस्पीटल लाया गया। वहां से हालत गंभीर होने पर जीजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। उधर, सूचना पर थाना पुलिस भी आ गई। क्षेत्र की नाकाबंदी कर हमलावरों की तलाश की जा रही है। पीठ से गोली दिल के पास तक पहुंच गई है। हालत गंभीर होती जा रही है। इस पर तत्काल डॉक्टरों ने ऑपरेशन शुरू कर दिया था। व्यापारी अस्पताल परिसर में इकट्ठा हो गए थे।
हमले के पीछे के कारण तलाश रही पुलिस
पुलिस के मुताबिक हमले की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि कारोबारी का प्रॉपर्टी को लेकर कुछ विवाद चल रहा था। संभवत: हमले की पीछे यह भी वजह हो सकती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कारोबारी के पिता की मृत्यु हो चुकी है। बड़े भाई डायलेसिस पर हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। इस घटना से परिवार टूट गया है।
Leave a comment