आगरालीक्स…आगरा में रोजाना हो रही पानी की बर्बादी. थाने में दी तहरीर में कहा—जिम्मेदारों पर दर्ज हो मुकदमा
अखिल भारतीय हिंदू महासभा ने दी तहरीर
आगरा के कमला नगर थाना में पानी की बर्बादी करने पर मुकदमा दर्ज करने की तहरीर दी गई है. इस तहरीर में इलाके में पानी की बर्बादी पर विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ये तहरीर अखिल भारीय हिंदू महासभा ने दी है. यही नहीं इन्होंने मुकदमा दर्ज न होने और कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है. इस संबंध में महासभा के जिलाध्यक्ष रौनक ठाकुर ने कहा कि एफ ब्लॉक कमला नगर में श्रीराम चौक पर पानी की टंकी है. इस टंकी से रोजाना पानी फैलता रहता है. कई सौ लीटर पानी रोजाना बर्बाद होता है. इसकी देखरेख की जिम्मेदारी जल निगम की है लेकिन इस ओर कोई ध्यान ही नहीं दिया जाता. उनका कहना है कि आम लोग पानी के लिए परेशान रहते हैं जबकि जिम्मेदारों की लापरवाही के कारण कई सौ लीटर पानी बर्बाद होता रहता है. इसे रोकने का कोई इंतजाम नहीं किया गया है. इस संबंध में जल निगम के अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को लेकर थाने में तहरीर दी गई है. उन्होंने कहा कि मुकदमा दर्ज न होने पर आंदोलन भी किया जाएगा. वहीं मामले में कमला नगर इंस्पेक्टर का कहना है कि पानी की बर्बादी को लेकर तहरीर मिली है. विभागीय अधिकारियों से बात की जा रही है. इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.