नईदिल्लीलीक्स… सुप्रीम कोर्ट ने किसान आंदोलन में कोरोना के हालात को लेकर चिंता जताई है। साथ ही किसानों का ट्रैक्टर मार्च निकाला जा रहा है। साथ में देश-विदेश की अब तक की खबरें।
किसान आंदोलन पर कोरोना पर सुप्रीम कोर्ट की चिंता
सुप्रीम कोर्ट ने किसान आंदोलन के दौरान कोरोना के हालात को लेकर फिर चिंता जताई है। कोर्ट ने केंद्र सरकार से पूछा है कि क्या किसान आंदोलन को लेकर नियमों का पालन किया जा सकता है। सीजेई एसए बोबडे ने कहा कि हमें पता नहीं कि किसान कोविड से सुरक्षित हैं या नहीं। अगर नियमो का पालन नहीं किया गया तो तब्लीगी जमात की तरह दिक्कत हो सकती है। बता दें निजामुद्दीन स्थित मरकज केस और कोविड लॉकडाउन के दौरान भीड़ एकत्रित करने की परिमीशन देने को लेकर एक जनहित याचिका दायर की गई थी।
दिल्ली की सीमाओँ पर किसानों का ट्रैक्टर मार्च
तीन नये कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग को लेकर दिल्ली की सीमाओँ पर प्रदर्शन कर रहे किसानों का आंदोलन आज 43वें दिन में प्रवेश कर गया। हाड़कंपा देने वाली ठंड में प्रदर्शन कर रहे किसान तीन बिलों की वापसी नहीं होने तक आंदोलन पर अडिग हैं। सरकार पर दबाव बढ़ाने के लिए 40 किसान संगठनों ने आज दिल्ली के चारों ओर ट्रैक्टर मार्च निकालने की तैयारी में हैं। किसानों का कहना है कि आज का ट्रैक्टर मार्च 26 मार्च को होने वाले किसानों के ट्रैक्टर मार्च का रिहर्सल है। इस बीच सरकार ने दिल्ली की सीमाओं पर सुरक्षा को बढ़ा दिया है।
फिर बढ़े कोरोना संक्रमित केस
कोरोना वायरस के दैनिक मामलों उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस से संक्रमित 20,346 नये केस सामने आये हैं। इसी अवधि में 222 मरीजों की मौत हो गई है। वहीं संक्रमण मुक्त लोगों की संख्या एक करोड़ से ज्यादा हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,0016,856 तथा मृतक संख्या 1,50,336 हो गई है। देश में एक्टिव केस दो लाख से नीचे बने हुए हैं।
सोनू सूद के खिलाफ केस दर्ज
लोगों की तकलीफों में मदद करने वाले फिल्म अभिनेता सोनू सूद के खिलाफ बीएमसी ने मुकदमा दर्ज कराया है। बीएमसी ने सूद पर आरोप लगाया है कि छह मंजिला रिहायशी इमारत को बिना जरूरी अनुमति के होटल में तब्दील कर दिया है। बीएमसी ने सोनू सूद पर इमारत के हिस्से को बढ़ाने, बदलाव करने और इस्तेमाल में बदलाव करने का भी आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है।
भारत से लगी सीमा पर चीन ने रणनीति बदली
चीन ने फिर अपनी सेना से युद्ध के लिए खुद को तैयार रहने के लिए कहा है। बता दें कि गत अक्टूबर माह में भी चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने सेना को युद्घ के लिए तैयार रहने को कहा था। इस आह्ववान के साथ जिनपिंग ने साल की शुरुआत में ही राष्ट्रीय सुरक्षा कानून की समीक्षा करते हुए सेना से संबंधित अहम् नीतिगत फैसलों के लिए चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के सेन्ट्रेल मिलट्री कमीशन को पूरी तरह अधिकृत कर दिया था।