आगरालीक्स. ..आगरा के नगर निगम चुनाव में बसपा ने मेयर पद पर दिगंबर सिंह के नाम की औपचारिक घोषणा की तो सपा ने भी प्रत्याशी घोषित कर दिया है, भाजपा के प्रत्याशी को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं।
सोमवार को मंडलीय कार्यालय, कालिंदी विहार में बसपा ने मेयर पद पर दिगंबर सिंह धाकरे के चुनाव लडने की अधिकारिक घोषणा की, इसके बाद रात तक सपा ने भी मेयर पद पर स्थिति स्पष्ट कर दी, मेयर पद पर राहुल चतुर्वेदी को प्रत्याशी घोषित किया गया है, इसकी औपचारिक घोषणा मंगलवार को होगी। मगर, भाजपा ने अभी घोषणा नहीं की है, दो दावेदारों में से एक को टिकट मिलनी है, इसमें से पुरुषोत्तम खंडेलवाल और नवीन जैन को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि भाजपा से मेयर पद के लिए 58 दावेदार सामने आए थे। कांग्रेस ने भी अभी प्रत्याशी घोषित नहीं किया है, रालोद ने लोचन चौधरी को प्रत्याशी बनाया है।
छह नवंबर तक नामांकन
आगरा में मेयर के लिए 12. 52 लाख मतदाता वोट से चोट करेंगे, छह नवंबर तक नामांकन किया जा सकेगा। वहीं, 10 नवंबर को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
आगरा में पहले चरण में नगर निगम चुनाव हो रहा है, इसके लिए शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी सार्वजनिक सूचना निर्गत करेंगे, 29 से छह नवंबर तक नामांकन होगा, सात नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, नौ नवंबर को नाम वापसी और 10 नवंबर को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
13 निकायों के लिए चुनाव
आगरा में एक नगर निगम, पांच नगर पालिका परिषद और सात नगर पंचायत के लिए चुनाव होगा, सबसे ज्यादा मतदाता 12 52 नगर निगम में हैं। इसके बाद नगर पंचायत फतेहपुर सीकरी में 26 हजार मतदाता हैं जबकि स्वामी बाग नगर पंचायत पर 1557 मतदाता हैं।
मेयर के लिए 20 लाख का खर्चा
इस बार मेयर पद के प्रत्याशी के लिए खर्चे की लिमिट 20 लाख की गई है, पार्षद दो लाख, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष छह लाख और नगर पालिका परिषद सदस्य डेढ लाख खर्चा कर सकेंगे। निर्वाचन व्यय के अनुश्रवण के लिए जिला स्तरीय कमेटी गठित की गई है।