आगरालीक्स… आगरा में रियल एस्टेट के बडे कारोबारी निखिल होम्स के डायरेक्टर शैलेंद्र अग्रवाल को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया। करोड़ों की धोखाधड़ी में शैलेन्द्र अग्रवाल के घर की कुर्की के बाद 10 हजार का इनाम घोषित हुआ था। सोमवार को उसे अरेस्ट कर लिया।
मीडिया को एएसपी सीओ हरीपर्वत श्लोक कुमार ने बताया कि निर्भय नगर निवासी शैलेंद्र अग्रवाल पर दस हजार रुपये का इनाम घोषित था। पिछले महीने पुलिस ने निर्भय नगर स्थित उसके घर में कुर्की की थी। यह कुर्की अभी तक की सबसे बड़ी कुर्की थी। पांच ट्रक माल जब्त किया गया था। पुलिस शैलेंद्र की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। पूर्व में उसके साले शैलेंद्र को भी गिरफ्तार करके जेल भेजा गया था।
शैलेंद्र अग्रवाल के खिलाफ आधा दर्जन से अधिक प्रार्थना पत्र लंबित हैं। जो हाल ही में मिले हैं। उनमें भी धोखाधड़ी का आरोप है। फाइनेंस कंपनी ने भी उसके खिलाफ करोड़ों की धोखाधड़ी का मुकदमा लिखा रखा है। ज्यादा पीड़ितों का यही आरोप है कि बुकिंग के लिए पैसा दिया। फ्लैट नहीं मिला। कुछ लोगों ने तो यहां तक आरोप लगाए हैं कि उनके फ्लैट दूसरों को बेच दिए गए। फाइनेंस कंपनी का आरोप है कि एक फ्लैट पर कई लोगों को फाइनेंस कराया गया।
पहले बिल्डर पर कार्रवाई
धोखाधड़ी के आरोप में फंसा शैलेंद्र अग्रवाल पहला ऐसा बिल्डर है जिसके खिलाफ सख्त कार्रवाई हुई है। पुलिस ने उसकी हिस्ट्रीशीट खोली है। गैंगस्टर लगाया है। कुर्की कर चुकी है। इनाम तक घोषित किया गया।
कोठी की कुर्की
फ्लैट के नाम पर धोखाधडी में 33 मुकदमे दर्ज हैं, ऐसे में गुरुवार दोपहर में पुलिस निर्भय नगर स्थित शैलेंद्र अग्रवाल की कोठी पर पहुंची और कुर्की की कार्रवाई शुरू की।
आगरा में पिछले पांच सालों में रियल एस्टेट मार्केट में बूम आया था, बिल्डर्स ने नई कॉलोनी बनाई, कॉलेनी की लांचिंग के साथ ही फ्लैट की बुकिंग शुरू कर दी और प्राचार प्रसार में मोटा पैसा खर्च किया। एक प्रोजेक्ट पूरा होता उससे पहले दूसरे प्रोजेक्ट का काम शुरू कर दिया। इस तरह बिल्डर्स का पैसा फंसता चला गया, इस क्षेत्र में मंदी आने के बाद बिल्डर्स ने बुकिंग होने के बाद भी कर्ज चुकाने के लिए दूसरे लोगों को फ्लैट की बिक्री कर दी। इस तरह के मामले में आगरा के आधा दर्जन बिल्डर्स पर धोखाधडी के मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
साले को पुलिस ने किया था अरेस्ट
आगरा में भू माफिया चिन्हित किए गए हैं, इन्हें अरेस्ट करने के लिए पुलिस पर दबाव बढ रहा है। ऐसे में बुधवार को न्यू आगरा पुलिस ने बल्केश्वर के किशन नगर में दबिश दी। निखिल होम्स के मालिक शैलेंद्र अग्रवाल के साले शैलेंद्र अग्रवाल को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपित खुद को बेगुनाह बता रहा है।