पुलिस ने ताजमहल के पूर्वी गेट के पास से ताजगंज की रहने वाली निम्मो (18) पुत्री रहीश को पकड़ा। वह कांच के पैन बेच रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पुलिस ने निम्मो की पिटाई लगाई। इसके बाद सामान को कब्जे में लेने के बाद कार में बैठा लिया। महिला दरोगा एकता सिंह उसे थाने ले जाने लगीं। निम्मो की मां परवीन ने बताया कि बेटी से पुलिस ने जेल भेजने की बात कही। इससे वह दहशत में आ गई। उसने अपने पास रखे कांच के पैन को चबा लिया। कांच चबाने से उसका गाल और जीभ कट गई। खून निकलने पर पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। एसओ का कहना है कि युवती को सामान बेचते हुए पकड़ा था। उसके खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि पिटाई के बारे में निम्मो की मां ने कोई आरोप नहीं लगाया है।
जा चुकी है जेल
एसओ ने बताया कि ढाई महीने पहले भी निम्मो के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई थी। मजिस्ट्रेट ने उसे जमानत नहीं दी थी। इस पर उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था। हालांकि तीन दिन बाद कोर्ट से जमानत होने पर उसे रिहाई मिल सकी थी। दोबारा जेल जाने के डर से ही उसने कांच चबा लिया।
Leave a comment