आगरालीक्स…Agra News आपको डायबिटीज है तो कुष्ठ होने की आशंका है। घर घर टीमें जाएंगी और कुष्ठ रोगियों की पहचान करेंगी।
आगरा में राष्ट्रीय कुष्ठ रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत 2 से 15 सितंबर तक कुष्ठ रोगी खोजी अभियान चलाया जाएगा। कुष्ठ रोग के शुरुआती लक्षणों में त्वचा पर चमड़े के रंग से हल्के या गहरे रंग के दाग-धब्बे हो सकते हैं, जो सुन्न होते हैं और इनमें दर्द नहीं होता है। अगर किसी के शरीर पर ऐसे कोई दाग-धब्बे दिखाई दें तो तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पर भेजें और जांच करने की सलाह दें । कुष्ठ रोग का इलाज संभव है, लेकिन समय पर इलाज बहुत जरूरी है। अगर इलाज में देरी होती है तो यह रोग गंभीर रूप ले सकता है और त्वचा, नसों और अंगों को स्थायी नुकसान पहुंचा सकता है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव द्वारा जनमानस से कुष्ठ रोग के खिलाफ अभियान में सामुदायिक सहयोग की अपील की है। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम आपके घर आए तो टीम को लक्षणों के आधार पर सही जानकारी प्राप्त कराकर अपना सहयोग सुनिश्चित करें। यह अभियान कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता फैलाने और इसके निदान एवं उपचार में मदद करने के लिए चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर कुष्ठ रोगियों की पहचान करेगी और उन्हें आवश्यक उपचार प्रदान करेगी। इस अभियान में सामुदायिक सहयोग की आवश्यकता है ताकि कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता बढ़े और अधिक से अधिक लोग इसके निदान एवं उपचार में मदद कर सकें। सामुदायिक सहयोग से हम कुष्ठ रोग से मुक्त होने में सफल हो सकते हैं।