आगरालीक्स…(20 July 2021 Agra News) अगर आप आम के शौकीन हैं तो यह खबर आपके लिए है. आम का स्वाद अभी आप और ले सकते हैं. बारिश के बाद भी..
आम के शौकीनों के लिए अभी अच्छी खबर है। इस बार पूरे चार महीने तक आम का स्वाद मिला है। सफेदा आम की बंपर शुरुआत के बाद दशहरी ने भी लोगों के स्वाद में इजाफा किया। विभिन्न क्षेत्रों के बाग संचालकों की बात मानें तो कम से कम स्वाधीनता दिवस तक आम खाए जा सकेंगे। आगरा में चलने वाले चार महीने के सीजन में समापन लंगड़ा और चौंसा आम से होता है। आम का कुल सीजन चार से साढ़े चार महीने तक रहता है। हालांकि बारिश से इसमें कोई कमी नहीं आई है।
यहां से आते हैं आम
आम की बंपर पैदावार के लिए एटा, बुलंदशहर, कासगंज, खुर्जा, शिकारपुर, गुलावटी, नूरपुर, गजरौला, शेरकोट, अलीगढ़ आदि मशहूर हैं। यहां से दशहरी, लंगड़ा, तिलुआ, चौंसा मिलता है। इस बार पैदावार काफी अच्छी हुई है।
200 टन रोज आया सफेदा आम
आंध्र प्रदेश के विजयावाड़ा से इस बार सर्वाधिक सफेदा आम आया। दैनिक आमद 200 टन रोज रही। पैदावार करने वाले किसान इसे बादाम और बैंगन फली के नाम से पुकारते हैं। इसमें गुदा अधिक होने के कारण आम का शेक बनाने के लिए यह वैराइटी उत्तम मानी जाती है।
ऐसे चलता है सीजन
आढ़ती गजेंद्र सिसोदिया बताते हैं कि आम की आमद की शुरुआत सफेदा से होती है। उसके बाद लंबे समय के लिए दशहरी और लंगड़ा जगह बना लेते हैं। उन्होंने बताया कि इसके बाद फिर तिलुआ आता है। सीजन का समापन चौंसा आम से होता है।

बंपर मिला आम
आढ़ती गजेन्द्र सिसोदिया ने बताया कि इस बार आगरा वालों को बंपर आम मिला है। बीते साल से तुलना की जाए तो आमद दोगुनी रही है। दाम भी खरीदारों के अनुकूल रहे हैं।
थोक में कीमत
12 रुपये से 32 रुपये तक विभिन्न वैरायटी के आम की कीमतें
20 रुपये से 70 रुपये तक फुटकर में मिल रहा है।