आगरालीक्स…आगरा में अब पेट्रोल पंप से भरवाइए छोटा सिलेंडर. बाहरी स्टूडेंट्स, ठेल वालोंं और चाय की दुकान लगाने वालों को मिलेगी राहत…
इस पेट्रोल पंप पर शुरू हुई सुविधा
अब आप इंडियल ऑयल कॉरपोरेशन के पेट्रोल पम्पों से पेट्रोल की तरह गैस का पांच किलो तक का सिलेन्डर भी भरवा और खरीद सकते हैं. यह सुविधा उन विद्यार्थियों और लोगों के लिए अधिक फायदेमंद हैं जो नौकरी या पढ़ाई के कारण कुछ समय के लिए दूसरे शहरों में रहने आते हैं और नियमित कनेक्शन नहीं लेना चाहते. चाय की दुकान, चाट के ठेले वालों और छोटे परिवार के लोगों के लिए भी यह सुविधा फायदेमंद होगी. मंगलवार को उद्घाटन के साथ यह सुविधा शहर में कैलाशपुरी रोड (होटल भावना क्लार्क के पास) शहीद जितेन्द्र फिलिंग स्टेशन पर प्रारम्भ हो चुकी है. जल्दी ही आपके घर के आस-पास किराने की दुकानों, शहर व मंडल के इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के अन्य पेट्रोल पम्पों पर भी सुविधा जल्दी प्रारम्भ होगी.

आधार कार्ड दिखाकर खरीद भी सकेंगे छोटा सिलेंडर
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के एरिया मैनेजर श्यामल देवनाथ व संजीव मयल डीओ आगरा ने कैलाशपुरी रोड स्थित शहीद जितेन्द्र फिलिंग स्टेशन पर छोटू सिलेन्डर के प्रथम बिक्री बिन्दु का उद्घाटन फीता काटकर किया. बताया कि डीआईएस द्वारा प्रमाणित छोटू सिलेन्डर को प्राप्त करने के लिए न तो कनेक्शन लेने की जरूरत है न ही एड्रेस प्रूफ की सिर्फ आधार कार्ड दिखाकर आप इसे प्राप्त कर सकते हैं. इस अवसर पर मुख्य रूप से चीफ मैनेजर विशाल गुप्ता, सेल्स ऑफिसर ब्रजराज मीना, सुमन चौहान एलपीजी एसोसिएशन के अध्यक्ष विपुल पुरोहित, अमित भदौरिया, मानव शर्मा, सुरेन्द्र सिंह, आरिफ, नरेन्द्र सिंह आदि उपस्थित थे.