आगरालीक्स… आगरा में अपने बडे भाई की शादी में आए एनआरआई की सडक हादसे में मौत हो गई, शाम को बरात जाने से पहले दोपहर में छोटे भाई की अर्थी उठी तो परिवार में कोहराम मच गया।
सदर के डिफेंस एस्टेट फेस एक निवासी 32 वर्षीय जितेंद्र धाकरेफ्लोरिडा में रेस्टोरेंट चला रहे थे। उन्हें ग्रीन कार्ड मिलने की औपचारिकताएं पूरी हो गई थीं। वह पिछले दिनों बड़े भाई पुष्पेंद्र की शादी में शामिल होने के लिए आगरा आए थे। मंगलवार को बरात जानी थी। शादी समारोह सदर के रोहता में ग्वालियर हाईवे स्थित एक मैरिज होम में था। जितेंद्र सोमवार देर रात मैरिज होम से व्यवस्थाएं देखकर एक्टिवा से लौट रहे थे। रोहता में पंजाब नेशनल बैंक कट पर उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गयी। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर गयी। वहां डॉक्टरों ने जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर से शादी की तैयारी में जुटे परिवार में कोहराम मच गया। मंगलवार दोपहर परिवार ने जितेंद्र का अंतिम संस्कार किया। इंस्पेक्टर कमलेश सिंह ने बताया हादसा स्कूटर स्लिप होने से हुआ।