आगरालीक्स… आगरा में निकाय चुनाव के प्रेक्षक आ गए हैं। कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। शिकायतों के बारे में जाना। मंडी स्थल गए। कंट्रोल रूम का जानें नंबर…

यह प्रेक्षक करेंगे चुनावों की निगरानी
नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन-2023 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से कराये जाने के उद्देश्य से आज नगर निगम के लिए नियुक्त प्रेक्षक राजेन्द्र सिंह, द्वितीय, विशेष सचिव, कृषि उत्पादन आयुक्त, उत्तर प्रदेश तथा नगर पालिका व नगर पंचायत हेतु नियुक्त प्रेक्षक राजेश कुमार, चतुर्थ, सचिव, मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण ने कलक्ट्रेट परिसर स्थित कन्ट्रोल रूम एवं शिकायत प्रकोष्ठ का औचक निरीक्षण किया।
शिकायतों के निस्तारण की जानकारी ली
प्रेक्षकों ने कन्ट्रोल रूम में प्राप्त शिकायतों के सापेक्ष निस्तारित शिकायतों के विषय में जानकारी ली। कन्ट्रोल रूम प्रभारी एडीएम नागिरक आपूर्ति सुशीला अग्रवाल को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायत व सूचनाओं पर नियमानुसार त्वरित कार्यवाही कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
शिकायतों एवं उड़नदस्तों में रखें समन्वय
प्रेक्षक ने समस्त प्रकार की सूचनाओं का संग्रहण एवं प्रेषण तथा निर्वाचन के दौरान प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों एवं उड़नदस्ता आदि टीम से समन्वय स्थापित कर पर्यवेक्षण एवं अनुश्रवण कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आचार संहिता के उल्लंघन पर दें कंट्रोल रूम को जानकारी
उन्होंने कहा कि निर्वाचन के दौरान आचार संहिता के उल्लंघन से सम्बन्धित किसी भी प्रकार की सूचना कन्ट्रोल रूम के दूरभाष संख्या 0562-2260550 पर दी जा सकती है।
मंडी स्थल की व्यवस्थाएं भी पऱखीं
इसके बाद उन्होंने मण्डी समिति परिसर में पहुंचकर मतगणना स्थल, पार्किंग व्यवस्था, पोलिंग पार्टी रवाना स्थल आदि का निरीक्षण कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।