आगरालीक्स (.Agra News 27th November).आगरा में कोरोना का डेल्टा, दक्षिण अफ्रीकी, कप्पा वैरिएंट मिल चुका है। अब नए वैरिएंट ओमीक्रान को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है, यह वैरिएंट आफ कंसर्न हैं और आगरा की शू फैक्ट्री और ताजमहल देखने आ रहे विदेशियों के सैंपल लिए जाएंगे।
बोत्सवाना, दक्षिण अफ्रीका, हांगकांग में कोरोना वायरस का नया बैरिएंट बी 1.1.529 मिला है, इसे डब्ल्यूएचओ ने ओमीक्रान नाम दिया है। इसे वैरिएंट आफ कंसर्न की श्रेणी में रखा गया है, क्योंकि यह वायरस डेल्टा की तरह से तेजी से लोगों को संक्रमित करता है।
यह है बड़ा खतरा
डेल्टा वैरिएंट भारत में मिला था, अब ओमीक्रान नया वैरिएंट मिला है। ये दोनों ही लोगों को तेजी से संक्रमित करते हैं। ऐसे में कोई व्यक्ति इन दोनों वैरिएंट से संक्रमित हो जाता है तो समस्या हो सकती है। इसे लेकर अलर्ट किया गया है।

आगरा में बढ़ाई गई सतर्कता
आगरा की शू फैक्ट्री में विदेशी विजिटर आते हैं, ताजमहल देखने के लिए भी विदेशी आ रहे हैं। इससे कोरोना के नए स्ट्रेन से संक्रमित होने का खतरा टला नहीं है। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव का कहना है कि कोरोना के नए स्ट्रेन को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी गई है। बाहर से आने वाले लोगों की जांच के लिए सैंपल लिए जाएंगे, अस्पतालों को भी कोरोना के लक्षण के साथ भर्ती होने वाले मरीजों की जानकारी देने के लिए कहा गया है।