आगरालीक्स.. आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसे में एक की मौत, 10 घायल, हादसे के बाद चीख पुकार मचने पर स्थानीय लोगों के साथ पुलिस ने गाडियों में फंसे लोगों को बाहर निकाला। एक की मौत होने के साथ ही घायलों की हालत गंभीर है। मंगलवार की सुबह लखनऊ एक्सप्रेस वे से कार सवार लखनऊ से दिल्ली जा रहे थे। वहीं पिकअप सवार कन्नौज के मल्लावा से रासलीला करके लौट रहे थे। दोनों ही गाड़ियां एक्सप्रेस-वे के खंभा नंबर 59 के पास पहुंची थी कि मैक्स पिकअप ने कार को पीछे से टक्कर मार दी।

दोनों ही गाड़ियां पलट गईं। इसमें पिकअप सवार 24 वर्षीय मुनेश पुत्र बुध्दन की मौत हो गई। वहीं केशव, विष्णु, राजवीर, गिरधर, भूदेव, सूरज, विजय अंजू, रणविजय घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए शिकोहाबाद के संयुक्त चिकित्सालय भेजा गया है।
घटना के बाद एक्सप्रेस वे पर चीख पुकार मच गई। गाड़ियों का सामान चारों ओर बिखरा पड़ा था। एक्सप्रेस-वे के कर्मी मौके पर पहुंचे। गाड़ियों को हटाकर सड़क को साफ किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।