आगरालीक्स… आगरा में सुबह सुबह लोटा लेकर खुले में शौच कर रहे लोगों को निगम की टीम ने पकड लिया, उनसे उठक बैठक लगवाई, आगे से खुले में शौच न करने का संकल्प दिलवाया, इसके बाद ही जाने दिया।
मंगलवार सुबह नगर निगम की टीम बल्केश्वर क्षेत्र में पहुंची। यहां रजवाड़ा के पास सुबह खुले स्थान पर एक दर्जन से अधिक लोग शौच कर रहे थे, वे टीम को देखकर भागने लगे।
टीम सदस्यों ने सभी को पकड़ लिया। पहले उन्हें फटकार लगाई, इसके बाद सभी से उठक-बैठक लगवाई। इसके बाद सभी को आगे से खुले में शौच न करने की शपथ दिलवाई। तब जाकर सभी को छोड़ा गया। नगर आयुक्त अरुण प्रकाश का मीडिया में कहना है कि इसी तरह सुबह टीमें विभिन्न क्षेत्रों में जाएंगी। जरूरत पड़ने पर लोगों पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।