आगरालीक्स आगरा के कान्वेंट और मिशनरी स्कूलों में फीस के साथ ही अन्य चार्ज बढा दिए हैं। इसका विरोध शुरू हो गया है, अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन से बढाई गई फीस की डिटेल मांगी है। अभिभावकों का कहना है कि डेवलपमेंट चार्ज सहित अन्य मदों में चार्ज बढा दिए गए हैं, इसे स्कूल प्रशासन फीस में शामिल नहीं करता है। इसके साथ ही साल भर अलग अलग मद में पैसे जमा कराए जा रहे हैं। इस पर रोक नहीं लग रही है।
शहर के कान्वेंट और मिशनरी स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। इसके साथ ही स्कूल से ही बैग और यूनिफॉर्म दी जा रही है। नर्सरी के बच्चों का बैग 2500 से लेकर 3000 रुपये तक में मिल रहा है। इसमें दी जाने वाली किताब और कॉपी पर एमआरपी भी बाजार से अधिक लिखी हुई है, इन्हें एमआरपी से ही दिया जा रहा है। इससे अभिभावक परेशान हैं और विरोध करने लगे हैं।
प्रवेश में भी खेल, ड्राइवर करा रहे सैटिंग
कान्वेंट और मिशनरी स्कूलों में प्रवेश में भी बडा खेल हो रहा है। नर्सरी में प्रवेश के लिए बच्चे और उनके परिजनों का इंटरव्यू लिया गया, इसके आधार पर प्रवेश ले लिया गया, इस पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। वहीं, जिन बच्चों का प्रवेश नहीं हुआ है, उनके परिजन प्रवेश के लिए सौदेबाजी कर रहे हैं, इसमें स्कूल बस और वैन के ड्राइवर मिडलमैन की भूमिका में हैं। उनके द्वारा प्रवेश की गारंटी देकर वसूली की जा रही है। इस तरह के तमाम केस सामने आने लगे हैं।
Leave a comment