आगरालीक्स….(Agra 6th November ). आगरा में पार्किंग शुल्क 10 की जगह 30 रुपये वसूलने पर बड़ी कार्रवाई, पुलिस ने पार्किंग ठेकेदार किया अरेस्ट। आप भी कर सकते हैं शिकायत।
आगरा में पार्किंग में अवैध वसूली की जा रही है। दीपावली पर बुधवार को चंदन नगर निवासी शशिकांत गुप्ता सुभाष बाजार में खरीदारी करने गए, उन्होंने आगरा फोर्ट स्टेशन की पार्किंग में अपना स्कूटर खड़ा कर दिया। ठेकेदार रुद्र प्रताप सिंह ने उनसे 30 रुपये मांगे, स्लिप 10 रुपये की दी, उन्होंने विरोध किया, इसके बाद भी ठेकेदार 30 रुपये लेने पर अड़ा रहा।

ठेकेदार अरेस्ट
शशिकांत गुप्ता ने पुलिस में शिकायत की, पुलिस ने उनकी तहरीर पर ठेकेदार रुद्र प्रताप सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके साथ ही ठेकेदार को अरेस्ट कर लिया।
अवैध पार्किंग और अधिक चार्ज वसूलने वालों पर कार्रवाई
इस मामले में एसपी सिटी विकास कुमार का मीडिया से कहना है कि कोई अवैध पार्किंग चलाता है या पार्किंग में अधिक शुल्क वसूलता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुकदमा दर्ज किया जाएगा, इसकी शिकायत पुलिस से कर सकते हैं।