आगरालीक्स…दुस्साहस, चलती ट्रेन से यात्री को धक्का देकर नीचे फेंका. आगरा से दिल्ली जा रही थी ट्रेन में सीट को लेकर हुआ था विवाद…
दिल्ली से आगरा आ रही दादर अमृतसर एक्सप्रेस में सोमवार को सीटको लेकर हुए विवाद में एक यात्री ने दूसरे यात्री को चलती ट्रेन से धक्का देकर नीचे फेंक दिया. नीचे गिरा युवक बुरी तरह से घायल हो गया है जिसे आगरा रेफर किया गया है. धक्का देने वाले यात्री को भी पकड़ लिया गया है और उसे पलवल आरपीएफ के हवाले कर दिया गया है
शनिवार—रविवार रात को करीब डेढ़ बजे आगरा से दिल्ली की ओर ट्रेन संख्या 11057 दादर अमृतसर एक्सप्रेस जा रही थी. मथुरा के कोसीकलां में सामान्य कोच में यात्रियों के बीच सीट पर बैठने को लेकर विवाद हो गया. झगड़े के बाद एक युवक ट्रेन के गेट के पास खड़ा हो गया लेकिन गुस्साए दूसरे युवक ने गांव कोटवन के पास उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया.
अन्य यात्रियों ने इसकी सूचना रेलवे हेल्प लाइन के माध्यम से आरपीएफ को दी. इंस्पेक्टर गिर्राज सिंह, उपनिरीक्षक निति सिंह, हेड कांस्टेबल उदल सिंह, हरेंद्र सिंह की टीम रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई और पेट्रोलिंग के बाद घायल युवक को खोज लिया. घायल युवक का नाम असलम बेग पुत्र इस्लाम बेग निवासी कश्मीर गेट नई दिल्ली है. उसे गंभीर हालत होने पर आगरा रेफर कर दिया गया.
वहीं पलवल पहुंचने पर ट्रेन में सवार अन्य यात्रियों ने धक्का देने वाले युवक को आरपीएफ के सुपुर्द कर दिया. उसकी पहचान विजय पुत्र सोनपाल निवासी गांव कसमरा हसायन हाथरस है. उससे पूछताछ की जा रही है.