आगरालीक्स ..आगरा में ज्वैलरी शोरूम में लूट करने वाले गैंग से पुलिस की मुठभेड, एक सब इंस्पेक्टर घायल, आठ बदमाश अरेस्ट।
आगरा में बुधवार सुबह जयपुर हाईवे पर हर गोविंद ढाबा के पास अछनेरा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड हुई। पुलिस और बदमाशों की फायरिंग में सब इंस्पेक्टर कुकथला चौकी प्रभारी हेमंत मावी घायल हो गए। पुलिस की फायरिंग से हाथरस के बाग बधिक गांव निवासी हरिओम और नारायण दास के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल दारोगा और बदमाशाें को अस्पताल में भर्ती करा दिया। घेराबंदी कर बदमाशों के छह अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। इनमें सहपऊ के बुढ़ायच निवासी अरुण, और सहपऊ के ही चर्चित गांव बाग बधिक निवासी प्रमोद, बिजेंद्र, दिलीप, कलुआ और छोटेलाल शामिल हैं।
चांदी और कैश जब्त
पुलिस ने आठ बदमाश अरेस्ट किए हैं, इन बदमाशों के कब्जे से साढ़े तीन किग्रा चांदी के गहने, 1.20 लााख रुपये और चार तमंचे व कारतूस बरामद हुए हैँ। एसएसपी बबलू कुमार का मीडिया से कहना है कि पकडे गए आठ बदमाश बधिक गैंग हैं, इस गैंग का सरगना कलुआ है। गैंग शहर और देहात में ज्वैलरी शोरूम से चोरी और लूट करते हैं।