आगरालीक्स…(12 September 2021 Mathura News) प्रेम के नाम पर कर्ज में डूब गया प्रेमी. प्रेमिका फिर भी कर रही थी पैसों की डिमांड….36 घंटे बाद पुलिस ने खोला मामले से संबंधित चौंकाने वाला खुलासा….
फरह में हुई थी महिला की हत्या
मथुरा के थाना फरह में दो दिन पहले महिला की गोली मारकर की गई हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है. 36 घंटे बाद पुलिस ने इस मामले में मृतक महिला के प्रेमी को अरेस्ट किया है. पूछताछ में प्रेमी ने प्रेमिका द्वारा लगातार की जा रही पैसों की डिमांड और उसके कारण उस पर हुआ सवा लाख रुपये के कर्ज की बात कही है. पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर उसे जेल भेज दिया है. बता दें कि थाना फरह के जमालपुर में 30 वर्षीय महिला नीरज का शव खेतों में पड़ा हुआ मिला था. उसके सिर व सीने में गोली मारी गई थी. महिला सासनी की रहने वाली थी और वह जमालपुर अपनी बहन की ससुराल आई थी. यहां वह कान का दर्द का इलाज करा रही थी.
प्रेमी को किया गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में ही प्रतीत हो रहा था कि मामला प्रेम प्रसंग का है. ऐसे में इसकी जांच के लिए टीम लगाई गई और 36 घंटे के अंदर पुलिस ने हत्यारोपी यानी रंजीत मिस्त्री पुत्र चंद्रपाल सिंह निवासी सांदलपुर, सासनी हाथरस को अरेस्ट किया हे. रंजीत मिस्त्री मृतक महिला नीरज का प्रेमी था. पुलिस ने इसके पास से बाइक, मृतका का मोबाइल, तमंचा और कारतूस बरामद किया है.
पैसों की डिमांड कर रही थी प्रेमिका
प्रेस कांफ्रेंस में एसएसपी मथुरा ने बताया कि प्रेमिका नीरज अपने प्रेमी रंजीत से लगातार पैसों की मांग करती थी. रंजीत ने बताया कि इसके चक्कर में उसके ऊपर करीब सवा लाख रुपये का कर्जा हो गया था. इसके बावजूद वह पैसों की डिमांड लगातार कर रही थी. जब वह अपनी बहन मीना के ससुराल जमालपुर आई तो रंजीत ने उसे फोन करके खेत पर बुलाया. यहां पहुंचने पर भी महिला ने रंजीत से जेवरात की मांग की. इससे तंग आकर रंजीत ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी. बता दें कि नीरज की ससुराल सासनी अलीगढ़ में हे और उसके पति का नाम धीरज है. पुलिस ने बताया कि रंजीत और नीरज के बीच पांच साल से प्रेम प्रसंग चल रहा है. रंजीत की दुकान नीरज के ससुराल के सामने ही थी.