Pratap Nagar Colony Gate Clash : FIR Lodge against Doctor couple may expunge #agra
आगरालीक्स…. आगरा का हाईप्रोफाइल मामला, डॉ. गरिमा गुप्ता और उनके पति डॉ. भूपेंद्र गुप्ता पर ज्वैलर ने दर्ज कराया था मुकदमा, पुलिस आयुक्त ने बीच का रास्ता निकाला।
आगरा के प्रताप नगर में डॉ. गरिमा गुप्ता ने कोठी खरीदी थी, कोठी के बगल में ही कॉलोनी का गेट है, इससे उनकी कोठी का रास्ता बंद हो रहा था। उन्होंने गेट को 23 मई को तुड़वा दिया, इसे लेकर विवाद हो गया। इसी कॉलोनी में रहने वाले ज्वैलर गौरव बंसल के समर्थन में आए भाजयुमो पदाधिकारी ने डॉक्टर दंपती के साथ अभद्रता की।
डॉक्टर दंपती पर दर्ज करा दिया मुकदमा
इस मामले में गौरव बंसल की पत्नी की तहरीर पर डॉ. गरिमा गुप्ता और डॉ. भूपेंद्र गुप्ता पर बलवा, जान से मारने की धमकी सहित कई धाराओं में थाना जगदीशपुरा में मुकदमा दर्ज करा दिया गया। डॉ. गरिमा गुप्ता का आरोप है कि उनकी तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया जबकि उनके साथ अभद्रता हुई।
ये निकाला रास्ता
इस मामले में डॉक्टर दंपती पुलिस आयुक्त डॉ.प्रीतिंदर सिंह से मिले। उन्होंने आश्वासन दिया है कि मुकदमा खारिज कराया जाएगा। क्योंकि यह कॉलोनी के गेट को लेकर विवाद है, इसलिए इसमें बीच का रास्ता निकाला जाए। इसके लिए पुलिस कॉलोनी में रहने वाले लोगों का गेट हटाया जाए या नहीं इसके लिए बयान दर्ज करेगी, देखा जाएगा कि कितने लोग गेट हटवाना चाहते हैं और कितने लोग इसके विरोध में हैं। इसकी रिपोर्ट एडीए और नगर निगम को भेजी जाएगी, इसके आधार पर गेट के संबंध में कार्रवाई की जाएगी।