लखनऊलीक्स… उत्तर प्रदेश से विधानसभा चुनाव लड़ेंगी प्रियंका गांधी.
अगले वर्ष होने वाले यूपी विधानसभा चुनावों के लिए सभी दलों ने अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। कांग्रेस की यूपी प्रभारी प्रियंका वाड्रा गांधी रायबरेली या अमेठी से चुनाव लड़ सकती हैं। यदि ऐसा हुआ तो वह गांधी परिवार से विधायकी के लिए चुनाव लड़ने वाली पहली सदस्य होंगी। अभी हाल ही में लखनऊ में हुई बैठक में उन्होंने चुनाव लड़ने के संकेत दिए हैं।
अमेठी पहली पसंद
सूत्रों के मुताबिक प्रियंका की पहली पसंद अमेठी है क्योंकि वह अपने भाई राहुल गांधी की हार का बदला लेना चाहती हैं। वह अमेठी संसदीय क्षेत्र में राहुल के लिए पुन: जमीन तैयार करना चाहती हैं।
यूपी में मिलेगी कांग्रेस को ताकत
कांग्रेस की सलाहकार समिति की पिछले दिनों लखनऊ में हुई बैठक में प्रियंका गांधी से यूपी के विधानसभा चुनावों में उतरने को कहा गया था। समिति का मानना है कि इससे उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को मजबूती मिलेगी। राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने भी प्रियंका गांधी को सुझाव दिया है कि उन्हें खुद चुनाव मैदान में उतरना चाहिए।
कांग्रेसियों ने कसी कमर
प्रियंका गांधी यूपी में विधानसभा चुनाव लड़ेंगी या नहीं, यह अभी तय नहीं है लेकिन कार्यकर्ताओं ने इसके लिए अभी से कमर कस ली है। अमेठी और रायबरेली से डाटा एकत्र किए जा रहे हैं। इन दोनों ही क्षेत्र के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में इसे लेकर भारी उत्साह है।