नईदिल्लीलीक्स… मिमिक्री मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी निशाने पर। राष्ट्रपति व पीएम तक नाराज। सभापति बोले- मेरी जाति व किसानों का अपमान।
सांसदों के निलंबन के विरोध में बनर्जी ने की थी मिमिक्री
राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री मामले में टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। यह पूरा मामला गत दिवस उस समय सामने आया था, जब कुल मिलाकर 141 विपक्षी सांसदों और राज्यसभा सदस्यों को निलंबित कर दिया गया। इसका विरोध जताने के लिए जब सभी विपक्षी सांसद संसद भवन के बाहर जमा हुए, तो कल्याण बनर्जी ने राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ की नकल उतारी। उस समय सभी सांसद ठहाके लगाकर हंसते नजर आए।
राहुल गांधी बना रहे थे वीडियो
इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी वीडियो बनाते नजर आए। इसकी वजह से वह भी निशाने पर आ गए हैं।
पीएम ने उपराष्ट्रपति धनखड़ से फोन पर बात की
मिमिक्री मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से फोन पर बात की। इसकी जानकारी जगदीप धनखड़ ने अपने एक्स हेंडल पर दी। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि 20 साल से उन्हें भी ऐसे ही अपमान का सामना करना पड़ रहा है।
ऐसी हरकतें जिम्मेदारी से नहीं रोक सकतीः धनखड़
उपराष्ट्रपति ने कहा कि इस तरह की हरकतें उन्हें अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी निभाने से नहीं रोक सकती है।
मेरा किसी को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीः बनर्जी
मिमिक्री विवाद पर टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘किसी को ठेस पहुंचाने का मेरा कभी कोई इरादा नहीं रहा। पीएम ने 2014-2019 के बीच लोकसभा में मिमिक्री की थी।’
–यह बोलीं राष्ट्रपति–
संसद परिसर में जिस तरह से हमारे सम्मानित उपराष्ट्रपति को अपमानित किया गया, उसे देखकर मुझे निराशा हुई। निर्वाचित प्रतिनिधियों को अभिव्यक्ति की आजादी है, लेकिन उनकी अभिव्यक्ति गरिमा और शिष्टाचार के मानदंडों के भीतर होनी चाहिए। हमें संसदीय परंपरा पर गर्व है और भारत के लोग उनसे इसे कायम रखने की उम्मीद करते हैं। – राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु