आगरालीक्स…(19 July 2021 Agra News) आगरा में 24 घंटे में रिकॉर्ड बारिश हुई है. किसी ने बारिश का मजा लिया तो कहीं जलभराव और कीचड़ से हुई परेशान.
आगरा में बीते 24 घंटे के अंदर अच्छी बारिश हुई है. रविवार शाम को हुई बारिश और सोमवार को हुई रिमझिम बरसात ने लोगों को राहत तो दी है लेकिन कई जगह बारिश के कारण हालात खराब नजर आए. कई कॉलोनियों में पानी भर गया तो कई जगह जलभराव के कारण निकलना तक मुश्किल हो गया. सोमवार को रिमझिम बरसात के बाद कई कॉलोनियों में तो कींचड के कारण नारकीय स्थिति हो गई.
यहां—यहां हुआ जलभराव
शहर के दयालबाग, रोहता, पश्चिमपुरी, नगला पदी, ताजगंज, आवास विकास, सिकंदरा, बोदला, बिचपुरी आदि ऐसे इलाके हैं जहां बारिश के कारण काफी खराब हालात हो गए.

पश्चिमपुरी की शेखर रेजीडेंसी
ये चित्र पश्चिमपुरी स्थित शेखर रेजीडेंसी का है. यहां सीवर लाइन डालने काम किया जा रहा है, जो कि कई दिनों से चल रहा है और खत्म् होने का नाम नहीं ले रहा है. रविवार और सोमवार को हुई बारिश के बाद यहां रहने वाले लोगों की गाड़ियां तक फंस गईं.
जाम से भी परेशान रहे लोग
इधर सोमवार को मौसम सुहाना रहा लेकिन लोग जाम के झाम से परेशान रहे. सोमवार को शहर के अधिकतर चौराहों पर जाम की स्थिति देखी गई. लोग काफी देर तक जाम से जूझते हुए दिखाई दिए. खंदारी पर शीतला माता के चौथे और अंतिम सोमवार को लोगों की काफी भीड़ पहुंची. हालांकि इस बार मेला नहीं लगाया गया लेकिन लोग काफी संख्या में पहुंचे जिसके कारण केंद्रीय हिंदी संस्थान से लेकर खंदारी चौराहा तक जाम लगा रहा. पुलिस को व्यवस्थाएं संभालते हुए देखा गया लेकिन लोग फिर भी काफी समय तक जाम में फंसे रहे. इसके अलावा सिकंदरा, दीवानी चौराहा, हरीपर्वत, आरबीएस, सदर आदि पर भी जाम की स्थिति देखी गई.