आगरालीक्स…(19 July 2021 Agra News) आगरा में बकरीद 21 जुलाई को. एक जगह 50 से अधिक लोग नहीं हो पाएंगे इकट्ठे, जानिए कुर्बानी को लेकर क्या है योगी सरकार के आदेश
21 जुलाई को ईद उल अजहा बकरीद का पर्व मनाया जाएगा. कोरोना को लेकर इस बार भी त्योहार पर प्रदेश सरकार ने नियम जारी किए हैं. सोमवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने इसको लेकर आदेश जारी किए हैं. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सीएम योगी ने आदेश दिए हैं कि बकरीद पर गोवंश, ऊंट या फिर किसी भी प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी नहीं होने पाए. इसके साथ ही उन्होंने ये भी आदेश दिए हैं कि ईद के साथ—साथ किसी भी आयोजन में 50 से अधिक लोग एक स्थान पर एक समय में एकत्रित न हों.
ये हैं आदेश
एक स्थान पर एक समय पर 50 से अधिक लोग एकत्रित न हों
प्रतिबंधित पशु गोवंश या ऊंट की कुर्बानी न होने दी जाए
चिन्हित स्थलों पर निजी परिसरों में ही हो कुर्बानी
सार्वजनिक स्थान पर कुर्बानी न होने पाए
कुर्बानी के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए
कांवड़ यात्रा भी हो चुकी है रद
बता दें कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर को लेकर प्रदेश सरकार किसी भी प्रकार का कोई जोखिम नहीं लेना चाहती है. इसलिए इस बार भी कांवड़ यात्रा को रद करने का फैसला योगी सरकार ने लिया है. सीएम ने कहा था कि राज्य सरकार सभी नागरिकों की आस्था का पूरा सम्मान करती है.