आगरालीक्स… आगरा के आरबीएस मैनेजमेंट फैकल्टी का एमसीए का छात्र गायब हो गया है, वह बुधवार को आगरा से अपने घर मैनपुरी के लिए निकला था, शाम को उसका मोबाइल स्विच आॅफ हो गया। छात्र के परिजन आगरा हुंच गए हैं लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका है।
आगरा के आरबीएस कॉलेज की फैकल्टी आॅफ मैनेजमेंट एंड कंप्यूटर एप्लिकेशन (एफएमसीए) का एमसीए का छात्र कुशाग्र मोहन सक्सेना बुधवार दोपहर में बस से आवास विकास कॉलोनी, मैनपुरी स्थित अपने घर के लिए निकला था। बस में बैठने के बाद छात्र कुशाग्र की अपने पिता दिनेश सक्सेना से बात हुई, शाम पांच बजे के बाद कुशाग्र का फोन बंद हो गया। उसके परिजन फोन मिलाते रहे लेकिन वह स्विच आॅफ आया, रात तक छात्र के घर न पहुंचने से परेशान परिजनों ने आगरा में संपर्क किया लेकिन छात्र का पता नहीं चल सका है।
जन्मदिन मनाने के लिए घर जा रहा था छात्र
कुशाग्र का गुरुवार को जन्मदिन है, वह जन्मदिन मनाने के लिए बुधवार को आगरा से मैनपुरी अपने घर के लिए निकला था। देर रात तक छात्र का पता न चलने पर परिजनों ने थाने में छात्र कुशाग्र के अपहरण की आशंका व्यक्त करते हुए तहरीर दी है। मैनपुरी और आगरा पुलिस छात्र कुशाग्र की छानबीन में जुटी हुई है।
23 मार्च को आगरा से कारोबारी का बेटा गायब
23 मार्च 2018 को आगरा से कारोबारी का बेटा गायब हो गया है, वह घर से कॉस्मेटिक के शोरूम के लिए निकला था, इसके बाद से कोई पता नहीं चला है। पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।
आगरा के लोहिया नगर बल्केश्वर निवासी कॉस्मेटिक कारोबारी महेश सिंघल की सिंघल कॉस्मेटिक की दुकान है। दुकान पर उनका 18 साल का बेटा अंकित सिंघल भी बैठता है। शुक्रवार सुबह 10 30 बजे अंकित घर से दुकान पर जाने की कहकर निकला था, करीब दो घंटे तक दुकान पर नहीं पहुंचा तो महेश सिंघल ने घर फोन किया। उन्हें बताया कि अंकित करीब दो घंटे पहले घर से दुकान के लिए निकला है। परिजनों ने आस पास में अंकित की तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चल सका है। अंकित के न मिलने से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। इस मामले में थाने में तहरीर दी गई है, पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
चचेरा भाई भी दो साल पहले हो गया था गायब, नहीं मिला
महेश सिंघल के भाई का लडका भी दो साल पहले गायब हो गया था, उसका अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। इससे परिजन दहशत में है, अनहोनी की आशंका है परिजनों का बुरा हाल है।