आगरालीक्स…आज पूरे दिन की मुख्य खबरें हाइलाइट्स में पढ़ें. देश दुनिया में क्या रहा खास जानें…
सहारा निवेशकों के लिए अच्छी खबर
सहारा के लाखों छोटे निवेशकों के लिए अच्छी खबर है। उनका पैसा आने वाले दिनों में मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने आज कहा कि निवेशकों का पैसा लौटाने के लिए सेबी-सहारा रिफंड खाते में करीब 10,000 करोड़ रुपये जमा करने के लिए सहारा समूह को अपनी संपत्ति बेचने पर कोई प्रतिबंध नहीं है। शीर्ष न्यायालय ने एक अगस्त, 2012 को निर्देश दिया था कि सहारा समूह की कंपनियां – एसआईआरईसीएल और एसएचआईसीएल निवेशकों से जमा की गई राशि को 15 प्रतिशत सालाना ब्याज के साथ सेबी को वापस करेंगी। यह ब्याज धनराशि जमा करने की तारीख से पुनर्भुगतान की तारीख तक के लिए देय होगा।
राजौरी के थाना मंडी में फायरिंग की खबर
राजौरी : जम्मू कश्मीर के राजौरी के थाना मंडी इलाके में फायरिंग की घटना हुई है। फायरिंग की सूचना मिलते ही भारतीय सेना और एसओजी ने इलाके की घेराबंदी कर बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया है। बताया जाता है कि इलाके में कुछ आतंकी छिपे हुए हैं। जानकारी के मुताबिक थाना मंडी इलाके में पुलिस की टीम पर फायरिंग की गई। हालांकि फायरिंग की इस घटना में पुलिस की टीम को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। फिलहाल इलाके की घेराबंदी कर दी गई और आतंकियों की तलाश की जा रही है।
संदीप घोष पर बड़ा एक्शन, सस्पेंड
पश्चिम बंगाल स्वास्थ्य विभाग ने थक-हारकर आज आर जी कर मेडिकल व हॉस्पिटल के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष पर कार्रवाई कर ही दी। विभाग ने आखिरकार संदीप घोष को संस्पेंड कर दिया है। साथ ही उन्हें पश्चिम बंगाल मेडिकल काउंसिल से भी निलंबित कर दिया गया है। बता दें कि पूर्व प्राचार्य संदीप घोष कोलकाता महिला डॉक्टर रेप केस में विवादों में घिरे हैं।
एटलस साइकिल के पूर्व अध्यक्ष सलिल कपूर ने की खुदकुशी
एटलस साइकिल के पूर्व अध्यक्ष सलिल कपूर ने खुदकुशी कर ली है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक सलिल कपूर ने डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम लेन स्थित अपने आवास पर खुद को गोली मार ली। घटनास्थल से दिल्ली पुलिस ने एक सुसाइड नोट बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक उन्होंने सुसाइड नोट में कुछ लोगों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
नरभक्षी भेड़ियों को मारने के लिए की गई ये खास तैयारी
उत्तर प्रदेश के बहराइच में भेड़ियों के आतंक का खौफ लोगों के चेहरे पर साफ देखा जा सकता है। यहां भेड़िये के हमलों में 8 बच्चों समेत कुल 9 लोगों की मौत हो चुकी है। इन नरभक्षी भेड़ियों को पकड़ने में वन विभाग का अमला जुटा है। कुछ भेड़िए पकड़ में आ चुके हैं लेकिन अभी भी ग्रामीणों पर भेड़िए के हमले जारी हैं। इतना ही नहीं अब आसपास के जिलों में भी इनका आतंक फैल रहा है। इस बीच अब प्रशासन ने इन नरभक्षी भेड़ियों को खत्म करने का प्लान बनाया है। नरभक्षी भेड़ियों को मारने के लिए प्रभावित इलाकों में शूटर तैनात कर दिए गए हैं।
चंपई के इस्तीफे के बाद राहुल गांधी और खरगे से मिले हेमंत सोरेन
झारखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। एक तरफ जहां चंपई सोरेन ने झामुमो छोड़ कर भाजपा का साथ दिया है, वहीं अब हेमंत सोरेन भी आगे की राह पर निकल चुके हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। इस दौरान कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल और हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी मौजूद थीं। इस मुलाकात में झारखंड में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव पर चर्चा की गई। ये बैठक इसलिए भी खास मानी जा रही है कि झारखंड में विधानसभा चुनाव जल्द ही होने वाले हैं।
सरकारी कर्मचारियों को योगी सरकार ने दी बड़ी राहत
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने राज्य कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है और अपनी संपत्ति का ब्यौरा देने के लिए एक महीने का और समय दे दिया है। सरकार ने कहा है कि सरकारी कर्मचारियों के लिए संपत्ति विवरण जमा करने की अंतिम तिथि एक महीने बढ़ा दी गई है। बता दें कि अब तक 74% ने अपना विवरण जमा कर दिया है। इस आदेश के बाद अब राज्य कर्मचारी दो अक्तूबर तक अपनी संपत्ति का ब्यौरा दे सकेंगे। इस तरह से अब कर्मचारियों को संपत्ति का ब्यौरा देने के लिए कुछ समय दिया गया है।