आगरालीक्स….(Agra News 2nd October ) आगरा में वीकएंड पर यमुना किनारा से लेकर एक्सप्रेस वे पर लगा लंबा जाम, ताजमहल का दीदार करने के लिए उमड़े रिकॉर्ड पर्यटक।
वीकएंड पर शनिवार को गांधी जयंती की छुटटी के चलते ताजमहल का दीदार करने के लिए रिकॉर्ड पर्यटक पहुंचे। सुबह से ही टिकट के लिए ताजमहल के तीनों गेटों पर पर्यटकों की लंबी लाइन लग गई। सूर्योदय से लेकर सूर्यास्त तक रिकॉर्ड 30 हजार से अधिक पर्यटकों ने ताजमहल का दीदार किया।

यमुना किनारा रोड पर लगा जाम
पर्यटकों के आने का सिलसिला शनिवार सुबह से ही शुरू हो गया, इससे यमुना किनारा रोड पर दोपहर में जाम लग गया। कई घंटे तक यमुना किनारा रोड पर वाहन फंसे रहे, सबसे ज्यादा परेशानी बाहर से आने वाले पर्यटकों को हुई। इसके बाद शाम को बड़ी संख्या में पर्यटक आगरा से लौटे, इससे भी यमुना किनारा रोड पर जाम लगा रहा।
एक्सप्रेस वे पर भी लगा रहा जाम
शनिवार को यमुना एक्सप्रेस वे पर भी जाम लगा रहा। जेवर टोल प्लाजा पर आगरा की तरपफ जाने वाले वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। दिल्ली से बड़ी संख्या में पर्यटक वीकएंड पर ताजमहल का दीदार करने के लिए पहुंचे। इससे एक्सप्रेस वे पर वाहनों का लोड बढ़ गया और टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। रात को भी टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी लाइन लगी रही।