फिरोजाबादलीक्स...दुखद, फिरोजाबाद हादसे में एक साथ उठी तीन सगी बहनों और एक चचेरी बहन की अर्थी. पांच की मौत से पूरा गांव रोया..टेसू—झांझी की पूजा करते समय कार ने था रौंदा.
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में रविवार रात काली रात रही. शिकोहाबाद के गांव छटनपुर में हुए दर्दनाक हादसे के कारण पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. टेसू झांझी की सड़क किनारे पूजा अर्चना करते समय कार ने एक साथ कई लोगों को रौंद दिया था जिसमें तीन सगी बहनों, उनकी चचेरी बहन और गांव के ही एक युवक की मौत हो गई. हादसे में कई लोग अभी भी घायल हैं जिनका उपचार चल रहा है. इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है. सोमवार को तीनों सगी बहनों और उनकी चचेरी बहन व गांव के युवक की अर्थियां एक साथ उठीं.
इस हादसे ने शिशुपाल सिंह पर कहर बरपाया है. उनकी तीन बेटी 17 साल की आकांक्षा, 15 साल की अंजली और 10 साल की गुन्नू की मौत हुई है. वहीं शिशुपाल सिंह के भाई बृजेश यादव की बेटी 19 साल की बबली की भी इसमें मौत हुई है. गांव के ही 26 साल के हरीश कुमार ने भी इस हादसे में पनी जान गंवाई है.
गांव में मातम
सोमवार सुबह सभी शव पोस्टमाट्रम के बाद गांव पहुंचे तो गांव में चीत्कार मच गया. पविार ही नहीं बल्कि ग्रामीणों की आंखें भी इस हृदयविदाक घटना को देखने के बाद नम हो गईं. मौके पर सीओ सिरसागंज चचंल त्यागी एवं नसीरपुर इंस्पेक्टर जसवीर सिंह, शिकोहाबाद इंस्पेंक्टर अनुज कुमार राणा एवं सिरसागंज इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा. पुलिस की निगरानी में शिशुपाल के खेतों में गड्ढा खुदवाकर चारों बहनों के शवों को सुबह 10 बजे दफनाया गया.
कार सवार की भी मौत
हादसे के बाद ग्रामीणों ने कार सवारों को पकड़ लिया था और उनकी जमकर पिटाई की थी. इससे कार सवार चार लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए. सरकारी ट्रामा सेंटर से कार सवारों को गंभीर हालत में आगरा के एसएन मेडिकल भेजा गया. सोमवार सुबह कार सवार गुलफाम निवासी बजीरपुर दिल्ली ने दम तोड़ दिया. कार सवार तीन युवकों की भी हालत गंभीर बनी हुई है.