आगरालीक्स आगरा में फ्लैट, मकान,दुकान की रजिस्ट्री अब रात आठ बजे तक होंगी, रजिस्ट्री कार्यालय रविवार को भी खुलेंगे। आनलाइन अपॉइंटमेंट की भी व्यवस्था। नई व्यवस्था के लिए जानें।
प्रदेश भर के प्रमुख जिलों के रजिस्ट्री कार्यालयों में रात आठ बजे तक रजिस्ट्री की सुविधा शुरू की जा रही है। इसमें आगरा भी शामिल है। यहां भी रात आठ बजे तक रजिस्ट्री की सुविधा लोगों को दी जाएगी इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है।
20 फरवरी से रात आठ बजे तक रजिस्ट्री
सहायक महानिरीक्षक निबंधन योगेश कुमार के अनुसार, सदर तहसील में पांच उप निबंधक कार्यालय हैं, इसमें से एक कार्यालय विशेष रूप से दोपहर एक से रात आठ बजे तक खुलेगा, रजिस्ट्री के लिए आनलाइन अपॉइंटमेंट दोपहर एक से शाम सात बजे तक लिए जा सकेंगे। यह व्यवस्था नौकरीपेशा लोगों और सरकारी प्रतिनिधियों के लिए शुरू की जा रही है जो सुबह के समय अपने कार्यालय में रहते हैं इसके चलते रजिस्ट्री कराने में समस्या आती है।
रविवार को सुबह 10 से शाम पांच बजे तक खुलेगा रजिस्ट्री कार्यालय
इसके साथ ही हर रविवार को भी रजिस्ट्री की जा सकेगी इसके लिए रविवार को पांच में से एक रजिस्ट्री कार्यालय सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक खुलेगा। सहायक महानिरीक्षक निबंधन योगेश कुमार का कहना है कि नए नियम से रात आठ बजे और रविवार को रजिस्ट्री कार्यालय खोलने के लिए रोस्टर तैयार किया जा रहा है।