आगरालीक्स…. आगरा में सर्दी में बिजली कनेक्शन काटने पहुंची बिजली विभाग की टीम को महिलाओं ने पीटा, घर में घुसकर नहाते हुए महिलाओं का वीडियो बनाने का आरोप।

दोनों पक्षों ने थाने में दी तहरीर।
आगरा के खंदौली और सादाबाद बॉर्डर के गांव बास पहुपी पहुंची में मंगलवार को बिजली विभाग की टीम बिल जमा न करने पर कनेक्शन काटने और चोरी से बिजली जलाने वालों पर कार्रवाई करने पहुंची। गांव में पहुंचते ही टीम में शामिल युवक वीडियो बनाते हुए घर में घुसे, उस समय महिलाएं नहा रहीं थी, वे कुछ समझ नहीं पाईं। महिलाओं ने विरोध किया, इस पर बिजली कर्मचारियों से विवाद हो गया। गांव के लोग भी आ गए, उन्होंने बिजली कर्मचारियों को घेर लिया। महिलाओं का आरोप है कि बिजली कर्मचारियों ने नहाते हुए वीडियो बनाए, विरोध करने पर अभद्रता की, इससे गांव वाले भड़क गए। दोनों तरफ से मारपीट होने लगी।
बिजली कर्मियों को दौड़ा दौड़ा कर पीटा
आक्रोशित महिलाओं के साथ ही गांव वालों ने बिजली कर्मियों को दौड़ा दौड़ा कर पीटा। उपखंड अधिकारी पीके सिन्हा और अवर अभियंता शाहिद हसन ने पुलिस को फोन कर दिया, पुलिस ने गांव सादाबाद में होने के कारण कार्रवाई नहीं की।
दोनों तरफ से दी तहरीर
बिजली विभाग द्वारा दी गई तहरीर में कहा गया है कि गांव बास पहुंची के स्वर्गीय रामवीर सिंह पर नलकूप का आठ लाख रुपये बकाया है, उनका पहले ही कनेक्शन काट दिया गया था। इसके बाद भी नलकूप चलाया जा रहा था। गांव में कई और घरों में चोरी से बिजली जल रही थी, इसलिए कनेक्शन काट दिए गए। कनेक्शन काटने से लोग भड़क गए और मारपीट की, इसमें पेट्रोल मैन वीरेंद्र सिंह, लाइन मैन राजकुमार घायल हो गए। वहीं, गांव वालों की तरफ से महिलाओं ने तहरीर दी है कि वे नहा रही थी और वीडियो बनाते हुए युवक घर में घुस आया, विरोध करने पर मारपीट की। एसएचओ आशीष कुमार का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।