आगरालीक्स… आगरा में सलमान खान का फोटो लगी मार्कशीट वायरल हो रही है, यह मार्कशीट डॉ भीमराव अंबेडकर विवि द्वारा जारी की गई है। इसमें 35 फीसद अंक हैं। मार्कशीट के वायरल होने से विवि प्रशासन में खलबली मची हुई है, मार्कशीट से सलमान खान का फोटो हटा दिया गया है।
आगरा के डॉ भीमराव अंबेडकर विवि के कुलपति डॉ अरविंद दीक्षित द्वारा मार्कशीट और परीक्षाफल में गडबडी की रोकथाम के बडे बडे वादे किए जा रहे हैं। ऐसे में सत्र 2017 की नवंबर में जारी की गई मार्कशीट में गडबडी सामने आने लगी है। स्नातक के प्रथम वर्ष के छात्र जावेद खान की मार्कशीट पर सलमान खान का फोटो लगा दिया गया है। जावेद खान ने अम्रता सिंह मेमोरियल डिग्री कॉलेज अलीगढ से स्नातक की परीक्षा दी हैं।
35 फीसद अंक
जावेद खान के प्रथम वर्ष की परीक्षा में 35 फीसद अंक है, मार्कशीट में सलमान खान का फोटो लगने से यह चर्चा का विषय बन गया है, कुलपति के दावे पर विवि के शिक्षक और कर्मचारी चुटकी ले रहे हैं। आनन फानन में विवि प्रशासन ने मार्कशीट से सलमान खान का फोटो हटा दिया है। यह किस स्तर से हुआ है, इसकी जांच कराई जा रही है।
विवि की गडबडी से परेशान हो रहे छात्र
विवि द्वारा परीक्षाफल और मार्कशीट तैयार करने में गडबडी की जा रही है, इससे छात्र सालों से परेशान है। इस बार भी मार्कशीट में गडबडी देखने को मिल रही है, जबकि विवि प्रशासन ने गडबडी न हो, इसके लिए परीक्षाफल तैयार होने के कई महीने बाद मार्कशीट जारी की है लेकिन गडबडी की रोकथाम नहीं हो सकी है।