आगरालीक्स… लिंग परीक्षण करते महिला डॉक्टर को पकडने के बाद हंगामा, डॉक्टर दंपति फरार हो गए। राजस्थान की पीसीपीएनडीटी सेल ने अलीगढ में कार्रवाई कर तीन दलालों को पकडा है।
नवीन जैन, अध्यक्ष, राज्य समुचित प्राधिकारी (पीसीपीएनडीटी) एवं मिशन निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, राजस्थान ने बताया कि नीमकाथाना का दलाल महेश कुमार द्वारा गर्भवती महिलाओं को लिंग जांच के लिए उत्तरप्रदेश के अलीगढ में ले जाया करता है। इस सूचना की पुष्टि करवाई गयी। पुष्टि के दौरान ज्ञात हुआ कि स्वंय दलाल द्वारा अपनी ही बहिन का भू्रण परीक्षण अलीगढ ले जाकर करवाया गया। टीम द्वारा 30,000 रू गर्भवती महिला को देकर दलाल के पास भेजा गया जो विभिन्न गांवों से रास्ते बदलते हुए सोमवार दोपहर बाद अलीगढ पहंुचा।
उसने अलीगढ के विसमपुर स्थित जीवन सुपर स्पेश्यलिटी तथा टेस्ट बेबी सेंटर पर डाॅ. दिव्या चौधरी से उक्त कार्य करवाया गया। इस हेतु डाॅ. चौधरी द्वारा किसी प्रकार के दस्तावेज नहीं लिये गयेे न ही फाॅर्म (एफ) भरा गया तथा लिंग परीक्षण कर लडकी होना बता दिया। इस दौरान दलाल महेश कुमार दो अन्य दलाल रिंकू तथा अनिल के सम्पर्क के साथ आ चुका था। मौका मिलते ही टीम द्वारा दबिश देकर तीनों दलाल तथा डाॅ. दिव्या चौधरी को रगें हाथ पकड लिया।
डॉक्टरों ने किया हंगामा
डॉक्टर दिव्या चौधरी के पति डाॅ. जयंत द्वारा अस्पताल के अन्य स्टाफ तथा अन्य निजी चिकित्सकों को बुलाकर हंगामा करवा दिया गया। इसका फायदा उठाकर डाॅ. दिव्या चैधरी व उसका पति फरार हो गया तथा मौके पर निरीक्षण दल द्वारा सोनाग्राफी मशीन को कलक्टर अलीगढ के प्रतिनिधि सहायक कलक्टर श्री रामस्वरूप पाण्डे की उपस्थिति में सीज कर दिया गया। अन्य आरोपियों को लेकर टीम सीकर पहंुच गयी तथा माननीय सीकर न्यायालय में कल पेश किया जायेगा।