नई दिल्लीलीक्स…(28 September 2021 News) पंजाब की राजनीति में उथल पुथल. सिद्धू ने पंजाब अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया, कैप्टन हो सकते हैं भाजपा में शामिल
सिद्धू का अध्यक्ष पद से इस्तीफा
पंजाब की राजनीति में बड़ी उथल—पुथल मची हुई है. पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने आज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया. उधर राज्य के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह आज यहां आए हैं. उनका भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह से मिलने का कार्यक्रम है. उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं. कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजे अपने इस्तीफे में सिऋू ने लिखा है— पंजाब के भविष्य से समझौता नहीं कर सकता. समझौता करने से इंसान का चरित्र समाप्त हो जाता है. मैं कांग्रेस के लिए काम करता रहूंगा. समझा जाता है कि चन्नी मंत्रिमंडल में गठन से सिद्धू नाराज चल रहे हैं.
भाजपा में शामिल होंगे कैप्टन!
इधर राजधानी दिल्ली आए पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिन्दर सिंह की आज भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात होनी है. उनके भाजपा में शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है. अगर कैप्टन अमरिन्दर सिंह भाजपा में शामिल हुए तो भाजपा को आगामी चुनावों के लिए बड़ा चेहरा मिल जाएगा. बता दें कि कृषि कानूनों के विरोध के कारण पंजाब में भाजपा हाशिये पर है. उन्हें एक ऐसा चेहरा चाहिए जो पंजाब में शहर से लेकर गांव तक चर्चित हो. 9 साल पंजाब के सीएम रहे कैप्टन अमरिंदर सिंह को 52 साल राजनीति करने का अनुभव है लेकिन कैप्टन भाजपा की चुनावी नैया तभी पार लगा सकते हैं जब केंद्र सरकार कृषि कानूनों को वापस ले.