आगरालीक्स…(24 December 2021 Agra News) 25 हजार किलो फूलों से सजे दुर्ग में बिराजेंगे श्रीहरि. गोवर्धन में होने वाले दिव्य छप्पन भोग महोत्सव में सज रहा गिर्राज जी का दिव्य दुर्ग
इस वर्ष 25 हजार किलो फूलों से सजे और महकते भव्य दुर्ग में बिराजेंगे श्रीहरि। 25 फुट ऊंचे दुर्ग पर सबसे ऊपर श्रीहरि का अलौकिक सिंहासन होगा। गिरार्ज जी महाराज की इस अनुपन छटा को निहारने के लिए आगरा से 26 व 27 दिसम्बर को हजारों श्रद्धालु गोवर्धन पहुंचेंगे। लगभग एक माह से निर्माण में सहारपुर व कलकत्ता के कारीगर कड़ी मेहनत के साथ अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं। राजपुताना व मुगलिया वास्तु के फ्यूजन पर आधारित दुर्ग के शानदार स्वरूप में विशाल गलियारे झरोखों की शानदार कारीगरी होगी।

मंडल के संस्थापक नितेश अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री गिर्राज जी सेवा मंडल का दो दिवसीय त्रयोदशम छप्पन भोग महोत्सव गोवर्धन में 26 व 27 दिसम्बर को आयोजित किया जा रहा है। गोवर्धन तलहटी, आन्यौर परिक्रमा मार्ग स्थित श्री शरणानंद जी के आश्रम में आयोजित होने जा रहे महोत्सव में गोविन्दाभिषेक, गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा व भजन संध्या का भी आयोजन होगा। हजारों की संख्या में श्रद्धालु गिर्राज जी महाराज के दिव्य व अलौकिक दर्शन के लिए पहुंचेंगे। इस वर्ष श्रीहरि के लिए तैयार किए जा रहे दिव्य दुर्ग को 25 दिसम्बर तक अंतिम स्वरूप दे दिया जाएगा। जो फाइवर, लकड़ी के आधार से तैयार कर मखमली व रेशमी सतरंगी कपड़ों से सजाया जा रहा है। कलकत्ता से मंगाए जा रहे रहे विशेषकर गुलाव, एंथोरियम, डेहलिया, नेस्ट्रेशियम जैसे 25 हजार किलों फूलों से सजा दरबार महकेगा।