आगरालीक्स.. आगरा में रात में एसएसपी अमित पाठक ने शराब की दुकानों पर छापे मारे, बार और देसी व अंग्रेजी शराब के ठेकों पर भीड लगाकर खडे लोगों को आडे हाथ लिया। एसएसपी अमित पाठक ने हिदायत दी है कि शराब के ठेके के बाहर कोई भी शराब पीते हुए नहीं मिले, रात 10 बजे के बाद शराब के ठेके नहीं खुलने चाहिए।
आगरा में शराब के ठेकों के बाहर लोग खडे होकर शराब पीते हैं, इससे माहौल बिगड रहा है, संजय प्लेस, सदर, एमजी रोड, भगवान टॉकीज सहित शहर में जगह जगह बीयर बार और ठेकों पर रात तक भीड लगी रहती है। ऐसे में मंगलवार को एसएसपी अमित पाठक ने संजय प्लेस स्थित शराब के ठेके और बीयर बार का निरीक्षण किया, बार के बाहर खडे लोग पुलिस को देख भाग खडे हुए। उन्होंने शराब के ठेका संचालकों को भी हिदायत दी है कि बाहर खडे होकर लोग शराब ना पीएं।
पुलिस को देख उडन छू हुआ नशा
एसएसपी अमित पाठक पुलिस फोर्स के साथ शराब के ठेकों की जांच के लिए निकले, संजय प्लेस के बीयर बार और शराब के ठेकों पर एसएसपी अमित पाठक के साथ पुलिस फोर्स को देख भागने लगे, पुलिस को देख उनका नशा उडन छू हो गया।
रात 10 बजे के बाद भी खुल रहे ठेके
शराब के ठेका खुलने का समय रात 10 बजे है, इसके बाद भी ठेके खुल रहे हैं, रात भर कई ठेकों पर शराब की गुपचुप तरीके से बिक्री की जाती है। निर्धारित समय के बाद शराब बेचने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।