आगरालीक्स(11th September 2021)… चांदी कारोबारी से लूट मामले में निलंबित वाणिज्यकर अफसरों ने सरेंडर को दिया प्रार्थना पत्र.
चांदी कारोबारी से लूट का है मामला
मथुरा के गोविंदनगर निवासी चांदी कारोबारी प्रदीप अग्रवाल से 30 अप्रैल को लखनऊ एक्सप्रेस वे पर लूट हुई थी। मामले में वाणिज्यकर विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर अजय कुमार और वाणिज्यकर अधिकारी शैलेंद्र कुमार पर मुकदमा लिखाया था। दोनों फरार हैं। शासन ने दोनों को निलंबित कर दिया था। आईजी नवीन अरोरा ने 50—50 हजार का इनाम घोषित किया था। कुर्की का नोटिस चस्पा किया था। इसके बाद भी दोनों कोर्ट में पेश नहीं हुए।

हाल ही में पुलिस ने दर्ज किया था मुकदमा
बता दें कि हाल ही में पुलिस ने अपनी ओर से अजय कुमार निवासी इंदिरा नगर लखनऊ हाल निवासी फिनिक्स पुष्पविला गार्डेनिया अपार्टमेंट और शैलेंद्र कुमार निवासी हाल निवासी अपर्णा प्रेम अपार्टमेंट के खिलाफ थाना लोहामंडी में कोर्ट के आदेश के उल्लंघन की धारा में मुकदमा दर्ज किया था। मामले में पुलिस ने नामजद सिपाही संजीव कुमार और चालक दिनेश को पहले ही जेल भेजा चुका है।
थाना लोहामंडी से मांगी आख्या
पुलिस अब दोनों निलंबित अफसरों की संपत्ति कुर्क करने की तैयारी कर रही है। इसी बीच आरोपियों ने मेरठ की एंटी करप्शन कोर्ट में सरेंडर के लिए प्रार्थना पत्र दिया है। सीओ सदर राजीव कुमार ने बताया कि एंटी करप्शन कोर्ट ने थाना लोहामंडी से आख्या मांगी है। मामले में 14 सितंबर नियत है।