आगरालीक्स…(25 January 2022 Agra News) स्वामी प्रसाद मौर्य बोले—आरपीएन सिंह राजा और मैं फकीर. चुनाव फकीर ही जीतेगा…
यूपी चुनाव को लेकर नेताओं का दल बदलने का क्रम लगातार जारी है. आज कांग्रेस को झटका देकर आरपीएन सिंह भाजपा में शामिल हो गए. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार दावा किया जा रहा है कि भाजपा आरपीएन सिंह को पडरौना से टिकट दे सकती है. पडरौना वही सीट है जिस पर स्वामी प्रसाद मौर्य सपा की टिकट से चुने जा सकते हैं. इसको लेकर राजनीतिक उथलपुथल भी शुरू हो गई है. अब भाजपा छोड़कर सपा में शामिल हुए स्वामी प्रसाद मौर्य ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने आरपीएन सिंह के खिलाफ चुनावी लड़ाई में अपनी जीत का भरोसा जताया है. उन्होंने कहा कि आरपीएन सिंह राजमहल में पैदा हुए हैं. वह राजा हैं और मैं फकीर. इस लड़ाई में फकीर ही जीतेगा, क्योंकि जनता फकीर के साथ है. मैं आज भी हजारों कार्यकर्ताओं से घ्ज्ञिरा रहता हूं. हालांकि उन्होंने पड़रौना से चुनाव लड़ने को लेकर कहा कि पार्टी जो फैसला लेगी, मैं उसका पालन करूंगा.
मौर्य ने कहा कि चुनाव में मेरी क्या भूमिका होगी, यह सपा प्रमुख अखिलेश यादव ही तय करेंगे. उन्होंने उन आरोपों को भी खारिज किया जिसमें कहा गया कि वह अपने बेटे के लिए टिकट की मांग कर रहे थे. उन्होंने कहा कि ये बातें सभी बेबुनियाद हैं.