आगरालीक्स… आगरा में ताजमहोत्सव में देश के हर हिस्से से आए शिल्पी, वाराणसी साड़ी से लेकर पिलखुआ बेडशीट, शिल्पग्राम के साथ ही सूरसदन में भी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

सोमवार को 31वें ताज महोत्सव का शुभारंभ हुआ। महोत्सव का उद्देश्य भारत की संस्कृति, शिल्प कला एवं व्यंजनों का समुचित प्रचार-प्रसार कर आगरा एवं देश के पर्यटन को बढ़ावा देना, विभिन्न प्रदेशों के मध्य सांस्कृतिक आदान प्रदान सौहार्द एवं सामंजस्य स्थापित करना तथा देश के विभिन्न प्रांतों के शिल्प का प्रदर्शन एवं बिक्री कर हस्तशिल्प एवं कुटीर उद्योग को प्रोत्साहित करना है। यह आयोजन भारतीय कला, संस्कृति, व्यंजन एवं हस्तशिल्प का अनूठा संगम है। उन्होंने कहा कि ताज महोत्सव-2023 में विभिन्न प्रांतों के लगभग 300 शिल्पी अपने-अपने शिल्प का प्रदर्शन एवं बिक्री करने आये हैं, जिसमें आंध्र प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, जम्मू एण्ड कश्मीर, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, तेलंगाना, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली के अतिरिक्त उत्तर प्रदेश के वाराणसी, मेरठ, भदोही, सहारनपुर आदि जनपदों के शिल्पी प्रमुख रूप से प्रतिभाग कर रहे हैं। इन शिल्पियों के बेहतरीन शिल्प जैसे आंध्र प्रदेश व बिहार का सिल्क एवं ड्रेस मैटीरियल, जम्मू कश्मीर का सूट एवं शाल, वाराणसी का सूट एवं साड़ी, पिलखुआ का बेडशीट, सहारनपुर का फर्नीचर, खुर्जा की पोटरी, फरीदाबाद का टेराकोटा, भदोही का कालीन इत्यादि महोत्सव में आने वाले दर्शकों को आकर्षित करेंगे और साथ ही लुभान्वित वस्तुओं की खरीदारी करेंगें। महोत्सव में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिये शिल्पग्राम के मुक्ताकाशी मंच पर प्रदेश एवं देश के अन्य स्थानों से आए हुए कलाकारों द्वारा प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, इन कार्यक्रमों में कला के सभी विधाओं यथा शास्त्रीय, उपशास्त्रीय, सूफी भक्ति, लोक-कला, नाटय कला के साथ-साथ बॉलीवुड कलाकारों को भी आमंत्रित किया गया है, जिससे कि अधिकाधिक संख्या में दर्शकगण मेले में प्रतिभाग कर आनन्द लेंगें। इसके साथ ही शहर में अन्य स्थानों पर भी विभिन्न मंचों पर यथा सदर बाजार, सूरसदन, एडीए जोनल पार्क चौपाटी ताजनगरी तथा एडीए सैल्फी प्वाइन्ट आगरा ट्राइडेन्ट तिराहे पर आयोजित किया जा रहा है। इन स्थानों पर विभिन्न गतिविधियों यथा सांस्कृतिक कार्यक्रम, बैंड प्रस्तुति तथा नाटक इत्यादि आयोजन किये जायेंगें यह कार्यक्रम दर्शकों को आकर्षित करेंगे।