आगरालीक्स…ताज महोत्सव 18 फरवरी से. व्यवस्थाएं परखने के लिए निकले अधिकारी. चार जगह टिकट काउंटर होंगे तो 100 सीसीटीवी से होगी निगरानी. कई जगह एलईडी से लाइव होंगे कार्यक्रम…जानिए किस दिन कहां आयोजन
आज शिल्पग्राम स्थित पर्यटन विभाग के रेस्टोरेंट भवन में ताज महोत्सव – 2025 की तैयारियों हेतु मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह, पुलिस आयुक्त जे. रवींद्र गौड तथा जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में अवगत कराया गया कि महोत्सव के अन्तर्गत शिल्पग्राम में मुख्य आयोजन 18 फरवरी से 02 मार्च, सदर बाजार, सूरसदन प्रेक्षागृह, आई लव आगरा सेल्फी प्वाइंट और यमुना आरती प्वाइंट पर 18 फरवरी से 27 फरवरी तक कार्यक्रम होंगे। अटल उद्यान में 22-23 फरवरी, फतेहपुर सीकरी में 23 फरवरी, बटेश्वर में 22 फरवरी, ताज नेचर वाक, कीठम में 28 फरवरी से 02 मार्च आदि स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। ताज महोत्सव के कुशल संचालन को विभिन्न कार्यों तथा व्यवस्था हेतु अलग अलग नोडल अधिकारी नामित कर जिम्मेदारी दी गई है। मुख्य अतिथि तथा गणमान्य विशिष्ट अतिथियों आदि पर भी विचार किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों हेतु विभिन्न उपसमितियों के माध्यम से सभी कार्यक्रमों को क्रियान्वयन किया जाएगा।

बैठक में बताया गया कि ताज महोत्सव में कुल 376 स्टॉल प्रस्तावित हैं। सभी स्टालों की बुकिंग लगभग पूरी हो चुकी है। छोटी स्टालों के लिए अभी भी आवेदन आ रहे हैं, उनके लिए खुली जगह पर व्यवस्था की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था हेतु कुल 100 सीसीटीवी तथा शिल्पग्राम परिसर में पुलिस प्रशासन के साथ 60 सिक्योरिटी गार्ड की तैनाती भी की जाएगी। पब्लिक अनाउंस सिस्टम भी लगाया जाएगा। मुख्य मंच से विभिन्न स्थानों पर एलईडी द्वारा कार्यक्रम का प्रसारण भी होगा। इस बार ताज महोत्सव में 04 टिकट काउंटर की व्यवस्था की जा रही है, सभी टिकट काउंटर पर क्राउड मैनेजमेंट हेतु बेरीकेडिंग भी की जाएगी।
बैठक के उपरांत मण्डलायुक्त और पुलिस आयुक्त द्वारा जिलाधिकारी, नगरायुक्त, मुख्य विकास अधिकारी, संभागीय प्रभारी वन विभाग, पुलिस उपायुक्त आदि सभी अधिकारियों के साथ शिल्पग्राम परिसर का निरीक्षण किया गया। स्टालें, मुख्य मंच, झूले स्थान का मुआयना किया गया। मण्डलायुक्त महोदय द्वारा मुख्य मंच एवं दर्शक दीर्घा की समुचित व्यवस्था बनाये जाने के निर्देश दिए गये। जन सुविधाओं की समुचित व्यवस्था हेतु नगरायुक्त महोदय को निर्देशित किया। साइनेज बोर्ड और महोत्सव स्थल का डिस्प्ले बोर्ड भी जगह-जगह लगाए जाने तथा पूरे परिसर और शिल्पग्राम के बाहर ताज पूर्वी रोड़ पर आकर्षक लाइटिंग व साज सज्जा के निर्देश दिए गये।
इस अवसर पर नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल,मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, डीसीपी सिटी सूरज राय, अपर जिलाधिकारी नगर अनूप कुमार, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह, उपनिदेशक उद्यान धर्मपाल यादव साहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।